राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला : जेल में बंद पांच आरोपियों से पूछताछ की मिली अनुमति, नकदी-आभूषण बरामदगी की तैयारी
अयोध्या, अमृत विचार : राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में केस दर्ज होने के बाद जांच कर रही पुलिस को जेल में बंद आठ आरोपियों में पांच का बयान लेने की अनुमति मिल गई है। मामले की विवेचना कर रहे सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने शनिवार को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के विशेष न्यायाधीश रजत वर्मा के अदालत में प्रतिवेदन दाखिल किया था।
पुलिस ने आरोपी अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, रामशंकर यादव टिन्नू, करुणेश पांडेय व मनीष यादव का जेल में बयान लेने की अनुमति मांगी। इसकी जानकारी होने पर कचहरी परिसर में मीडियाकर्मियों का जमावड़ा हो गया। इसको देखते हुए विशेष न्यायाधीश रजत शर्मा ने अपने विश्राम कक्ष में ही सुनवाई करते हुए इसकी अनुमति दी। सूत्र बताते हैं कि रविवार को पुलिस जेल में इनका बयान दर्ज करेगी।
वहीं बताया जा रहा है कि इन पांचों के बयान के बाद पुलिस न्यायालय में इनके रिमांड की भी मांग कर सकती है। इसमें वह बयानों के आधार पर आरोपियों से चोरी की हुई नकदी, आभूषण व उससे खरीदे गए वाहन आदि की बरामदगी का प्रयास करेगी। बीते दिनों पुलिस की फर्द बरामदगी वायरल होने के बाद से ओर सतर्क हो गई व आगे की कार्रवाई को गोपनीय रखने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने की एसबीआई की अयोध्या शाखा में जांच पड़ताल
पुलिस ने शनिवार सुबह एक बार फिर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अयोध्या धाम शाखा में जांच पड़ताल की। हालांकि इस संदर्भ में बैंक अधिकारी व पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी। सूत्र बताते हैं कि इस दौरान पुलिस ने बैंक अधिकारी व कर्मचारियों से पूछताछ की व ट्रस्ट के खातों में लेन देन से संबंधित जानकारी एक बार फिर हासिल की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने बैंक से मई व जून माह की सीसीटीवी फुटेज मांगी, जिसे वह पेन ड्राइव में करके ले गई।
दो दिन जांच के बाद वापस गई एसआईटी
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी व वित्तीय अनियमितता की जांच कर रही एसआईटी अपने दूसरे चरण की जांच करके शुक्रवार रात लखनऊ वापस चली गई। माना जा रहा है कि ट्रस्ट की छह जून को होने वाली बैठक में अयोध्या में मौजूद रहेगी। दूसरे चरण की जांच में एसआईटी को 15 जुलाई तक का समय दिया गया है। वह दो जुलाई को अयोध्या पहुंची थी। बताया जा रहा कि दूसरे चरण की जांच में टीम जमीन खरीद फरोख्त में की अनियमितता के साथ दान में मिले आभूषणों के गायब होने के आरोपों की जांच कर रही है।
