UP Weather Update : यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, सात दिन झमाझम बारिश के आसार
प्रदेशभर में 6 जुलाई तक गरज-चमक, तेज हवाओं व कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के क्षेत्रीय केंद्र, लखनऊ की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 30 जून से 6 जुलाई तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 30 जून से 2 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
अमृत विचार, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है। पूर्वांचल के रास्ते शुरू हुई मानसूनी गतिविधियों से मंगलवार को कानपुर, अयोध्या, सोनभद्र समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। बारिश के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले सात दिनों तक प्रदेश में मौसम सक्रिय रहेगा और अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय केंद्र, लखनऊ की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 30 जून से 6 जुलाई तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 30 जून से 2 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
प्रदेश में अब तक सामान्य से 59 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग का मानना है कि मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने से आने वाले दिनों में बारिश की कमी तेजी से पूरी हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अधिक तेज होने के संकेत मिले हैं।
तापमान में आया बदलाव, वज्रपात की चेतावनी
पिछले 24 घंटे में हरदोई प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.2 डिग्री कम है। बस्ती, बरेली, बाराबंकी और फुरसतगंज में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं आगरा 42.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। कानपुर में 42.2, अलीगढ़ में 42 और बांदा में 41.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले में कार्य करने वाले लोगों को मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
बारिश के बीच हादसों में सात की मौत
पिछले 24 घंटों में लखनऊ समेत करीब 15 शहरों में बारिश दर्ज की गई। फिरोजाबाद में तेज आंधी के दौरान ई-रिक्शा पर पेड़ गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। वहीं बस्ती और महाराजगंज में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला और नौ वर्षीय बच्चे की जान चली गई।
