एक तरफ भीषण गर्मी की चेतावनी, दूसरी तरफ बाढ़ का खतरा' अमेरिका में ग्लोबल वॉर्मिंग मचा रहा तबाही
डेट्रॉयट। अमेरिका के मध्य-पश्चिम एवं ग्रेट लेक्स क्षेत्र के राज्यों में लाखों लोग मंगलवार को भीषण गर्मी एवं उमस से परेशान रहे और इससे फिलहाल राहत मिलने की संभावना नहीं है। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने हालात को स्पष्ट रूप से ''खतरनाक'' बताया और कुछ इलाकों में तापमान एवं आर्द्रता को मिलाकर मापा जाने वाला 'ताप सूचकांक' 100 डिग्री फारेनहाइट (37.8 डिग्री सेल्सियस) से अधिक रहा।
मौसम सेवा ने खासकर उन लोगों के लिए गर्मी से जुड़ी बीमारियों के खतरे की चेतावनी दी है जिनके पास वातानुकूलन की सुविधा नहीं है। मौसम सेवा ने बताया कि डेट्रॉयट में तापमान 90 डिग्री फारेनहाइट से अधिक रहा और बृहस्पतिवार को इसके 100 डिग्री फारेनहाइट तक पहुंचने की आशंका है।
मिशिगन के बड़े हिस्से के साथ-साथ इलिनॉय, ओहायो, इंडियाना, केंटकी और आयोवा के अधिकतर हिस्सों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की गई है। न्यूयॉर्क शहर और बोस्टन समेत पूर्वोत्तर क्षेत्र में चार जुलाई तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। पेंसिल्वेनिया के नॉरिस्टाउन में मौसम के कारण शनिवार को होने वाली परेड रद्द कर दी गई। फिलाडेल्फिया ने बुधवार से शनिवार तक गर्मी संबंधी आपातकाल की घोषणा की है।
कंसास में बाढ़ से एक भारतीय की मौत
अमेरिका के कंसास में अचानक आई बाढ़ में 33 वर्षीय एक भारतीय आईटी पेशेवर की गाड़ी बह गई और उसकी मौत हो गई। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। वेंकटेश डोप्पलापुडी एच-1बी वीजा धारक थे और नेब्रास्का के ओमाहा में रह रहे थे। उनका शव रविवार को बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि वह कथित तौर पर शनिवार दोपहर ह्यूस्टन से उत्तर की ओर लौट रहे थे, तभी उनका वाहन दक्षिण-मध्य कंसास में भीषण तूफान के कारण अचानक आई बाढ़ की चपेट में आ गया। तूफान के कारण क्षेत्र में छह इंच से अधिक बारिश हुई थी।
भारतीय कांसुलेट ने जताया दुःख
इस घटना पर ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने दुख व्यक्त किया है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने की बात कही है। मिशन ने एक बयान में कहा, "महावाणिज्य दूतावास मृतक के परिवार और करीबी सहयोगियों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।"
अचानक आई बाढ़ में डूबी IT प्रोफेशनल की कार
समनर काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा कंसास के वेलिंगटन के पास साउथ ओलिवर रोड के 600 ब्लॉक में एक पुल के पास एक वाहन के पानी में डूबने और उसमें किसी के फंसे होने की सूचना दिए जाने के बाद आपातकालीन इकाइयां मौके पर पहुंचीं। ह्यूस्टन स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने और पार्थिव शरीर को स्वदेश भेजने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए कंसास राज्य के कानून प्रवर्तन अधिकारियों और परिवार के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर रहा है।
ये भी पढ़ें :
Operation Amistad: भारतीय सेना के फील्ड अस्पताल में पीड़ितों का इलाज, वेनेजुएला सरकार ने कहा-Thank you, Bharat
