Japan Earthquake : 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप से तोक्यो तक हिली धरती; सुनामी का खतरा नहीं
तोक्यो: उत्तरी जापान के तटीय क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 7.2 मापी गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि देश की मौसम विज्ञान एजेंसी ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है और न ही तत्काल किसी बड़े नुकसान की खबर है।
व्यस्त समय में लगे झटके, तोक्यो भी कांपा
यह भूकंप बृहस्पतिवार सुबह उस समय आया जब लोग अपने कार्यालय जाने की तैयारी में थे। भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 50 किलोमीटर (30 मील) की गहराई में स्थित था। उत्तरी जापान के साथ-साथ राजधानी तोक्यो में भी इसके हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तीव्रता में किया गया संशोधन
शुरुआती रिपोर्टों में भूकंप की तीव्रता 6.9 बताई गई थी, लेकिन बाद में जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने इसे संशोधित कर 7.2 कर दिया। दूसरी ओर, अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (USGS) ने भी अपने आकलन में इस भूकंप की तीव्रता 6.9 दर्ज की है।
जान-माल का नुकसान नहीं, सरकार अलर्ट पर
सरकार के मुख्य प्रवक्ता मिनोरू किहारा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि भूकंप की वजह से अभी तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रधानमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से बेहद सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि मुख्य भूकंप के बाद आने वाले संभावित झटकों (आफ्टरशॉक) का खतरा अभी टला नहीं है।
