आजमगढ़ मुठभेड़: 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस एनकाउंटर में पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

आजमगढ़, अमृत विचार। जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में महिलाओं से लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार 24 और 25 जून की मध्यरात्रि मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट और छिनैती की वारदातों में शामिल दो बदमाश केटीएम बाइक से क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस ने मुड़ियार ईदगाह के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।

पुलिस पर की फायरिंग

घेराबंदी के दौरान पुलिस ने बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों भागने लगे। पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

कई मामलों में थे वांछित

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर पुत्र अफसर निवासी सहजेरपुर और शिव कुमार राजभर उर्फ लाला निवासी चकबहार, थाना फूलपुर के रूप में हुई है। दोनों पर फूलपुर और सरायमीर थाना क्षेत्रों में महिलाओं से पर्स लूटने और छिनैती करने के कई मुकदमे दर्ज हैं। उनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

लूट का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक जोड़ी चांदी की पायल, 1577 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई केटीएम-250 मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अन्य घटनाओं की जांच जारी

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने फूलपुर, सरायमीर, माहुल और पवई क्षेत्रों में भी छिनैती की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों के अन्य साथियों और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

 ये भी पढ़ें:- Azamgarh News: आजमगढ़ में पौहारी बाबा सरोवर में स्नान के दौरान 20 वर्षीय युवती की डूबने से मौत, सीढ़ियों पर काई से फिसला पैर

संबंधित समाचार