बाराबंकी: चिंगारियों की सूचना पर भी नहीं जागा बिजली विभाग, करमुल्लापुर में जलकर राख हुआ ट्रांसफार्मर
बाराबंकी, अमृत विचार। सफदरगंज थाना क्षेत्र के मसौली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम करमुल्लापुर में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर अचानक आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगा। आग की भयावह लपटों और धुएं के गुबार से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीण रघुराज गौतम ने बताया कि उनके घर के सामने स्थापित ट्रांसफार्मर से सुबह करीब पांच बजे से ही चिंगारियां निकल रही थीं। इसकी सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दी गई, लेकिन विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। समय रहते आवश्यक कार्रवाई न होने के कारण ट्रांसफार्मर में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह लपटों में घिर गया। आग की चपेट में आकर ट्रांसफार्मर के सामने लगे बांस जलकर राख हो गए, जबकि पास स्थित शौचालय के दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के दौरान आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों के मुताबिक आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन दमकल वाहन करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आग और फैल जाती या उस समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद होता, तो बड़ा हादसा और जनहानि हो सकती थी।
घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी है। उनका आरोप है कि समय रहते शिकायत पर ध्यान दिया जाता तो इस हादसे को आसानी से टाला जा सकता था। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग अक्सर घटनाओं के बाद सक्रिय होता है, जबकि उसकी जिम्मेदारी संभावित हादसों को रोकने की है।
