सोनभद्र सड़क हादसा: बारात से लौट रही मैजिक खड़े वाहन से टकराई, 2 की मौत, 3 घायल

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

सोनभद्र, अमृत विचार। जिले के चोपन थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा गुरूमुरा स्थित गुरूदेव आश्रम के पास उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन सड़क किनारे खड़े अज्ञात वाहन से पीछे से जा भिड़ा।

टक्कर में गई दो जान

पुलिस के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन में सवार मनोज कुमार (32) और श्याम बाबू (36) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन चालक चंदन गुप्ता (42), शिवा (21) और विनय कुमार (21) घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया

सूचना मिलते ही पीआरवी और चोपन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चालक चंदन गुप्ता को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि शिवा और विनय को मामूली चोटें होने के कारण उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

शव निकालने में लगे चार घंटे

हादसा इतना भयावह था कि मृतक मनोज कुमार का शव वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों को शव बाहर निकालने के लिए करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

बारात से लौट रहे थे सभी

चोपन थाना के उपनिरीक्षक विनोद यादव ने बताया कि मैजिक वाहन में डीजे उपकरण लदे थे। वाहन सवार सभी लोग बुधवार को दुद्धी क्षेत्र में एक बारात कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। गुरुवार सुबह वापस लौटते समय गुरूमुरा के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े अज्ञात वाहन से टकरा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

 ये भी पढ़ें:- आजमगढ़ मुठभेड़: 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस एनकाउंटर में पैर में लगी गोली

संबंधित समाचार