खेत की रखवाली करने गए किसान की मौत, फसल की सुरक्षा में लगे तारों में करंट ने ली जान 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार: थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटिया मदारा के राजस्व ग्राम मोहन टेपरा स्थित भुंडरियन पुरवा में गुरुवार सुबह खेत की रखवाली करने गए एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार भुंडरियन पुरवा निवासी लल्लू (52) पुत्र जगदीश गुरुवार सुबह करीब पांच बजे रोजाना की तरह अपने खेत की रखवाली करने निकले थे। 

बताया जाता है कि उनके खेत के पास स्थित एक अन्य खेत में फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए लोहे के तारों में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। खेत की निगरानी के दौरान अनजाने में लल्लू का पैर करंट प्रवाहित तार से छू गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान खेत में उनका शव पड़ा मिला। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

ग्रामीणों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए कहा कि फसलों की सुरक्षा के नाम पर खेतों में अवैध रूप से करंट दौड़ाना जानलेवा साबित हो रहा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  : 
यूपी में बिगड़ रहा मौसम का गणित : 37 जिलों में 99% तक कम हुई बारिश, सीएम योगी ने बुलाई आपात बैठक

संबंधित समाचार