Gonda News: पुराने सरयू पुल के पास मजदूर की संदिग्ध मौत, झाड़ियों में सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी
बलिया निवासी था मृतक श्रमिक, तीन दिन पहले अयोध्या से हुआ था गायब
गोंडा, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के दुर्गागंज माझा गांव में पुराने सरयू पुल के निकट सड़क किनारे एक मजदूर का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलिया जनपद निवासी दिल्लू शाह (45) के रूप में हुई है, जो अयोध्या में रहकर मजदूरी करता था और पिछले तीन दिनों से लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
16.jpg)
बृहस्पतिवार सुबह स्थानीय लोगों ने पुराने सरयू पुल के बाईं ओर गांव जाने वाले मार्ग के किनारे एक शव पड़ा देखा। शव कई दिन पुराना होने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया। कुछ देर बाद अयोध्या में मजदूरी करने वाले भीम कुमार राठौर ने शव की पहचान दिल्लू शाह पुत्र निवासी कंडौली, थाना सहतवार, जनपद बलिया के रूप में की।
उन्होंने बताया कि दिल्लू शाह अयोध्या स्थित रामकथा संग्रहालय परिसर में अन्य मजदूरों के साथ रहकर काम करते थे। करीब तीन दिन पहले वह कहीं जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला, जिसकी सूचना अयोध्या पुलिस को भी दी गई थी। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। प्रथम दृष्टया मौत कई दिन पहले होने की संभावना है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दिल्लू शाह अपने पीछे पत्नी समेत चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार में पुत्र सोनू (20), मोनू (15), धानू (10) तथा पुत्री रूबी (17) हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ये भी पढ़ें :
गोंडा में मगरमच्छ ने मजदूर को जबड़ों में दबोचा, साथी मजदूर की बहादुरी से बची जान
