अयोध्या जमीन खरीद विवाद: AAP सांसद संजय सिंह ने SIT को दिए भूमि घोटाले के सबूत, एसआईटी अध्यक्ष को सौंपे 11 दस्तावेज
लखनऊ, अमृत विचार। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित जमीन घोटाले के मामले में गुरुवार को विशेष जांच दल (SIT) को जमीन घोटाले के सबूत सौंपे हैं। संजय सिंह सुबह करीब 11 बजे लखनऊ स्थित एसआईटी अध्यक्ष विजय विश्वास पंत के कार्यालय पहुंचे और करीब 12 मिनट तक वहां रहे। मुलाकात के बाद बाहर निकलने के दौरान उन्होंने दावा किया कि उन्होंने जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े 11 अहम दस्तावेज जांच एजेंसी को दिए हैं।
गिरफ्तारी न होने पर उठाए सवाल
मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मामलों में कई तथ्य सामने आ चुके हैं। चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और जमीन खरीद से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध होने के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही कोई एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति कई सवाल खड़े करती है और जांच को निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
जमीन खरीद में अनियमितता का आरोप
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि कई जमीनों को पहले कम कीमत पर खरीदा गया और बाद में ट्रस्ट या उससे जुड़े लोगों को कई गुना अधिक कीमत पर बेचा गया। उन्होंने दावा किया कि कुछ मामलों में जमीन खरीदने और बाद में ट्रस्ट को बेचने वाले लोगों के बीच एक ही गवाह मौजूद थे। उनके अनुसार, इन सौदों में कुछ नाम बार-बार सामने आ रहे हैं, जिनकी भूमिका की जांच जरूरी है।
कई सौदों का किया उल्लेख
आप सांसद ने दावा किया कि एक जमीन, जिसे पहले करीब पांच करोड़ रुपये से कम में खरीदा गया था, उसे बाद में आठ करोड़ रुपये में ट्रस्ट को बेचा गया। वहीं एक अन्य मामले में जमीन खरीदने के कुछ ही मिनट बाद उसे कई गुना अधिक कीमत पर ट्रस्ट को बेचने का आरोप लगाया गया। उन्होंने कुछ अन्य जमीनों के सौदों का भी उल्लेख किया, जिनमें कीमतों में भारी अंतर होने का दावा किया गया है।

नजूल भूमि खरीद पर भी सवाल
संजय सिंह ने कहा कि उनके पास ऐसे दस्तावेज हैं जिनमें प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संबंधित भूमि को नजूल भूमि बताया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भूमि की प्रकृति को लेकर विवाद था, तो उसे ऊंची कीमत पर कैसे खरीदा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में ट्रस्ट के धन का दुरुपयोग हुआ है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए।
SIT जांच पर टिकी निगाहें
गौरतलब है कि संजय सिंह पहले भी अयोध्या में जमीन खरीद-फरोख्त को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। उनके दावों के बाद एसआईटी ने उनसे उपलब्ध साक्ष्य और दस्तावेज मांगे थे। अब दस्तावेज सौंपे जाने के बाद इस मामले में जांच एजेंसी की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। हालांकि, जिन लोगों और संस्थाओं पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से इन आरोपों पर अलग-अलग समय पर स्पष्टीकरण भी दिया जाता रहा है।
ये भी पढ़ें:- राम मंदिर भूमि खरीद पर संजय सिंह के गंभीर आरोप, बोले- 9 करोड़ की जमीन 55 करोड़ में खरीदी गई
