लखनऊ के किसान पथ पर हादसा: डंपर की टक्कर से दो साढ़ुओं की मौत, बाइक 2 किमी तक घिसटी

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के किसान पथ पर गुरुवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो साढ़ुओं की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद बाइक डंपर में फंसकर करीब दो किलोमीटर तक घिसटती चली गई। पुलिस ने पीछा कर भाग रहे डंपर चालक को बिजनौर थाना क्षेत्र से पकड़ लिया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

किसान पथ पर हुआ हादसा

घटना दोपहर करीब 1:30 बजे दरोगा खेड़ा स्थित कानपुर रोड और गहरू अंडरपास के बीच किसान पथ पर हुई। मृतकों की पहचान मोहनलालगंज के हरिकंश गढ़ी निवासी रामसेवक यादव (50) और सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र के नकरहा गांव निवासी उनके साढ़ू रामू यादव (45) के रूप में हुई।

एक ही बाइक से लौट रहे थे

परिजनों के अनुसार, रामू यादव अपने साढ़ू रामसेवक से मिलने नकरहा गांव गए थे। वहां से दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर हरिकंश गढ़ी लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामू बाइक चला रहे थे और रामसेवक पीछे बैठे थे। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे।

दो किलोमीटर तक घिसटती रही बाइक

हादसे के बाद बाइक डंपर में फंस गई और करीब दो किलोमीटर तक घिसटती चली गई। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों घायलों को लोकबंधु अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने चालक को दबोचा

राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने डंपर का पीछा किया और बिजनौर थाना क्षेत्र के नटकुर अंडरपास के पास उसे चालक समेत पकड़ लिया। डंपर को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है।

लखनऊ के किसान पथ पर हादसा (2)

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

रामू यादव पेशे से ट्रक चालक थे, जबकि रामसेवक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रामसेवक के परिवार में पत्नी मुन्नी देवी, बेटा रिंकू यादव और तीन विवाहित बेटियां सुदामा, रेखा और बबली हैं। वहीं, रामू के परिवार में पत्नी अंजू, बेटा निखिल और बेटी शगुन हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

ये भी पढ़ें:- Lucknow University ने धर्मांतरण को लेकर जारी की एडवाइजरी: 6 नोडल अधिकारी नियुक्त, हॉस्टल से कैंपस तक बढ़ी निगरानी

संबंधित समाचार