Bareilly News : प्लॉट बेचने के नाम पर 18 लाख की ठगी, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

महिला ने रुपये मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की दी धमकी

बरेली, अमृत विचार। प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले एक व्यक्ति ने एसएसपी से शिकायत कर ग्राम डोहरा की एक महिला और उसके सहयोगी पर प्लॉट बेचने के नाम पर 18 लाख रुपये हड़पने तथा रकम वापस मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

सनराइज कॉलोनी के रहने वाले हृदेश पटेल ने बताया कि उन्होंने अपने साझेदारों के साथ मिलकर डोहरा निवासी हेमा देवी से 504.16 वर्गमीटर के एक प्लॉट का सौदा 25.50 लाख रुपये में किया था। एडवांस और विभिन्न किश्तों के माध्यम से नकद, चेक और आरटीजीएस के जरिए कुल 18 लाख रुपये दे दिए। बावजूद वह बैनामा करने में टालमटोल करती रहीं। 14 अप्रैल की शाम वह अपने साझेदारों और गवाहों के साथ हेमा देवी के घर पहुंचे तो उसने साफ कह दिया कि वह जमीन किसी होतम सिंह को बेचेगी और उनके रुपये धीरे-धीरे लौटाएगी। इस दौरान होतम सिंह, हेमा देवी के पिता रामऔतार और अन्य लोग भी पहुंच गए। उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। विरोध करने पर होतम सिंह ने तमंचा और हेमा देवी ने चाकू निकालकर हमला करने का प्रयास किया। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। एसएसपी के आदेश के बाद बारादरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

संबंधित समाचार