Gonda News : पत्नी को विदा कराने ससुराल गए युवक का फंदे से लटकता मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गोंडा/अमृत विचार : नगर कोतवाली क्षेत्र के महादेवा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचे 27 वर्षीय युवक का शव गुरुवार सुबह फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।
मृतक की पहचान ननके के रूप में हुई है, जो अहमदाबाद में रहकर काम करता था। परिजनों के मुताबिक वह तीन दिन पहले अपनी पत्नी उज्ज्वला को साथ ले जाने के लिए ससुराल गया था। बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और इसी वजह से दोनों अलग रह रहे थे।
परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम ननके ने फोन पर जानकारी दी थी कि उसकी पत्नी उसके साथ जाने के लिए तैयार हो गई है और वह जल्द घर लौट रहा है। इसके बाद उसका परिवार से कोई संपर्क नहीं हुआ। गुरुवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि ननके ने ससुराल में फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो शव फंदे से उतारकर जमीन पर रखा हुआ था।
मृतक के पिता रामबचन ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया। उनका कहना है कि बेटे ने घर लौटने की बात कही थी, ऐसे में उसके आत्महत्या करने की बात संदिग्ध लग रही है। मृतक की शादी करीब सात वर्ष पूर्व हुई थी। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र और एक पुत्री हैं। बताया जाता है कि पिछले डेढ़ वर्ष से पति-पत्नी के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था।
नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
