Pratapgarh News: कंगना रनौत पर सपा विधायक डॉ. आरके वर्मा ने की विवादित टिप्पणी, FIR दर्ज कर जांच में जुटी साइबर पुलिस
प्रतापगढ़ अमृत विचार। भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ कथित विवादित टिप्पणी करने के मामले में रानीगंज से समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. आरके वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साइबर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद
साइबर थाना प्रभारी राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि विधायक डॉ. आरके वर्मा की एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इस संबंध में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
शिकायत के आधार पर पुलिस ने विधायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 (शांति भंग करने के लिए जानबूझकर अपमान) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फेसबुक पोस्ट पर जताई गई आपत्ति
विवादित पोस्ट में डॉ. आरके वर्मा ने लिखा था, "कंगना मैडम बच के रखना पूरा होश, कहीं आपकी जगह न हथिया ले सायोनी घोष।" इस पोस्ट के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कंगना रनौत और तृणमूल कांग्रेस सांसद सायोनी घोष की तस्वीरें भी साझा की गई थीं। भाजपा युवा मोर्चा की ओर से दर्ज शिकायत में कहा गया है कि यह पोस्ट अपमानजनक, अशोभनीय और महिला सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है, जिससे सामाजिक सौहार्द भी प्रभावित हो सकता है।
विधायक बोले- सत्ता के अहंकार में कार्रवाई
मुकदमा दर्ज होने के बाद सपा विधायक डॉ. आरके वर्मा ने इसे सत्ता पक्ष की अहंकारी कार्रवाई करार दिया। उनका कहना है कि राजनीतिक द्वेष के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
ये भी पढ़ें:- Pratapgarh News: CJP के फैन निकले ग्राम विकास अधिकारी, कुछ यूं पहुंचे ऑफिस, फोटो वायरल होने पर मचा हड़कंप
