Pratapgarh News: CJP के फैन निकले ग्राम विकास अधिकारी, कुछ यूं पहुंचे ऑफिस, फोटो वायरल होने पर मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

प्रतापगढ़ः उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक सरकारी कर्मचारी का पहनावा अब उसके लिए मुसीबत बन गया है। सोशल मीडिया पर एक ग्राम विकास अधिकारी (VDO) की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वह 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) लिखी हुई पोशाक पहनकर सरकारी दफ्तर और अपने कार्यक्षेत्र में घूमता नजर आ रहा है। मामले के तूल पकड़ने पर आला अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?

बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस तस्वीर ने जिले के प्रशासनिक गलियारों में खलबली मचा दी। वायरल फोटो में दिख रहा शख्स प्रतापगढ़ के बिहार ब्लॉक में तैनात ग्राम विकास अधिकारी (VDO) सुधीर कुमार सोनू बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों का कहना है कि सुधीर कुमार सोनू यही विवादित ड्रेस पहनकर न सिर्फ अपने क्षेत्र का दौरा कर रहे थे, बल्कि सरकारी कार्यालय में भी मौजूद थे।

कर्मचारी आचरण नियमावली की उड़ी धज्जियां

इस वाकये के बाद सरकारी कर्मचारियों की नियमावली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि उक्त विकास अधिकारी को नियमों और अनुशासन का कोई डर नहीं है।

एक स्थानीय कर्मचारी नेता ने कहा कि "एक सरकारी सेवक द्वारा ऐसी पोशाक पहनना शासकीय गरिमा और मर्यादा के बिल्कुल खिलाफ है। इस तरह की अनुशासनहीनता पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए।"

होगी सख्त कार्रवाई

तस्वीर वायरल होने और मामला मीडिया में आने के बाद विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। प्रभारी डीडीओ (DDO) देव कुमार ने बताया कि मामले की पूरी निष्पक्षता से जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पंचायत सचिव/ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार