लखनऊ की भीषण गर्मी में छूटे खिलाड़ियों के पसीने, 42 डिग्री की तपिश में अफगानी बल्लेबाज को छोड़ना पड़ा मैदान
-42 डिग्री की तपिश में क्रिकेट का इम्तिहान अफगानी बल्लेबाज दरविश रसूली को मैदान छोड़ना पड़ा, भारतीय खिलाड़ियों ने बर्फ की पट्टियों का लिया सहारा बर्फ की पट्टियों और छतरियों का सहारा
लखनऊ, अमृत विचार : अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला गया एकदिवसीय मुकाबला क्रिकेट के रोमांच से ज्यादा भीषण गर्मी के खिलाफ जंग का गवाह बना। 42 डिग्री सेल्सियस तापमान और झुलसा देने वाली धूप के बीच न केवल खिलाड़ी परेशान नजर आए, बल्कि दर्शकों को भी मैच का आनंद लेने के लिए कठिन परीक्षा से गुजरना पड़ा।
12.jpg)
मैदान पर गर्मी का असर इतना ज्यादा था कि अफगानिस्तान के बल्लेबाज दरविश रसूली को अस्वस्थ होने के कारण मैदान छोड़ना पड़ा। पहली पारी में क्षेत्ररक्षण के दौरान ही गर्मी ने खिलाड़ियों की हालत खराब कर दी थी। भारतीय पारी समाप्त होने के बाद जब अफगानिस्तान की टीम पवेलियन लौट रही थी, तभी दरविश रसूली अचानक मैदान पर गिर पड़े। मेडिकल टीम ने तत्काल उन्हें स्ट्रेचर के सहारे मैदान से बाहर पहुंचाया। बल्लेबाजी के दौरान भी वह पूरी तरह सहज नहीं दिखे और बीच में मैदान से बाहर जाना पड़ा।
बर्फ की पट्टियों और छतरियों का सहारा
भीषण गर्मी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि खेल के दौरान हर छोटे ब्रेक, विकेट गिरने या ड्रिंक्स ब्रेक के समय टीम सपोर्ट स्टाफ बड़ी-बड़ी छतरियां लेकर मैदान की ओर दौड़ पड़ता था। खिलाड़ी छांव में बैठकर पानी और ऊर्जा पेय लेते दिखाई दिए।
12.jpg)
भारतीय बल्लेबाजों ने शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए बर्फ में ठंडी की गई विशेष पट्टियां अपने गले में लपेटीं। शुभमन गिल और इशान किशन समेत कई खिलाड़ी गर्मी और उमस से जूझते नजर आए। पूरे मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के चेहरे पर थकान साफ दिखाई दे रही थी।
छांव की तलाश में भटकते रहे फैंस
स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का उत्साह बरकरार था, लेकिन गर्मी के आगे वे भी बेबस दिखाई दिए। चौकों और छक्कों पर लहराने के लिए दिए गए प्लेकार्ड्स अधिकांश दर्शकों के लिए हाथ के पंखे बन गए। स्टैंड के खुले हिस्सों की सीटें खाली पड़ी रहीं, जबकि जहां थोड़ी भी छांव उपलब्ध थी, वहां दर्शकों की भीड़ जमा रही।
स्टेडियम प्रबंधन की ओर से निःशुल्क पेयजल की व्यवस्था की गई थी, जिससे दर्शकों को काफी राहत मिली। इसके बावजूद कई लोग बार-बार पानी पीते और छांव की तलाश करते नजर आए।
सड़कों पर भी दिखा गर्मी का असर
मैच के दिन आमतौर पर स्टेडियम के बाहर रहने वाली चहल-पहल इस बार गायब रही। भीषण गर्मी के चलते आसपास की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। खिलाड़ियों की जर्सी बेचने वाले दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे, लेकिन अपेक्षित भीड़ नहीं पहुंची। चेहरों पर तिरंगा पेंट करने वाले कलाकार भी फैंस की राह देखते नजर आए।
पानी और कोल्ड ड्रिंक बेचने वाले वेंडरों के पास भी ग्राहकों की संख्या कम रही। गर्मी का असर स्टेडियम के भीतर ही नहीं, बल्कि उसके बाहर के कारोबार और माहौल पर भी साफ दिखाई दिया। कुल मिलाकर, इस मुकाबले में क्रिकेट से ज्यादा चर्चा तपती धूप और उससे जूझते खिलाड़ियों व दर्शकों की रही।
यार्कर, एसएमआर, मेगा ट्रेंड्स समेत छह टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्ज की जीत
सिराज खान मेमोरियल अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में यार्कर क्रिकेट क्लब, सीएएल व्हाइट, एसएमआर क्रिकेट अकादमी, सीएएल पर्पल, सीएएल पिंक और मेगा ट्रेंड्स क्रिकेट क्लब ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर पूरे अंक हासिल किए।
स्पोर्ट्स गैलेक्सी बी ग्राउंड पर खेले गए मैच में यार्कर क्रिकेट क्लब ने गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज को छह विकेट से हराया। टीम की जीत में कुशाग्र जायवाल ने चार विकेट झटके, जबकि ब्रजेंद्र सिंह ने 54 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
सूर्या क्रिकेट ग्राउंड पर सीएएल व्हाइट ने सीएएल ग्रीन को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। अभिनव पी. सिंह ने नाबाद 77 और साहनी सिंह ने नाबाद 84 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई।
जीसीआरजी क्रिकेट ग्राउंड पर एसएमआर क्रिकेट अकादमी ने कूह स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब को नौ विकेट से पराजित किया। तुषार वर्मा ने चार विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को ध्वस्त किया, जबकि साहिल भारती ने 38 रन का योगदान दिया।
सिंड्रा क्रिकेट ग्राउंड पर सीएएल पर्पल ने सीएएल ब्लैक को सात विकेट से हराया। पद्मेश दयाल ने तीन विकेट चटकाए, वहीं अभय पी. मौर्य ने 54 रन की शानदार पारी खेली।
एसएआर ग्राउंड पर सीएएल पिंक ने सीएएल ब्राउन को 25 रन से मात दी। आदित्य सिंह ने 54 रन बनाए, जबकि मयूर ने चार विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
वही प्लेफिट ग्राउंड पर मेगा ट्रेंड्स क्रिकेट क्लब ने केवाई स्पोर्ट्स क्लब को 64रन से हराया। उत्कर्ष ने 48 रन बनाए और कार्तिकेय ने चार विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
चिलचिलाती धूप में गिल-किशन का तूफान
अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में बुधवार को भीषण गर्मी और उमस के बीच भारतीय बल्लेबाजों ने अपने बल्ले का ऐसा जलवा दिखाया कि मौसम की तपिश भी क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। कप्तान शुभमन गिल और इशान किशन के शानदार शतकों की बदौलत दर्शकों को एकदिवसीय मुकाबले में टी-20 जैसा रोमांच देखने को मिला।
इकाना में रनों की बारिश से झूमे क्रिकेट प्रेमी
मैच की शुरुआत से ही भारतीय बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। कप्तान शुभमन गिल ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण पेश करते हुए 110 गेंदों में 154 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 22 चौके और दो शानदार छक्के शामिल रहे। वहीं इशान किशन ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। किशन ने मात्र 79 गेंदों पर 125 रन बनाते हुए 14 चौके और सात छक्के जड़े।
दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 224 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी कर भारतीय पारी को मजबूत आधार दिया। उनके बल्ले से निकली चौकों-छक्कों की बरसात ने पूरे स्टेडियम को उत्साह से भर दिया।
'मिनी भारत' में बदला इकाना
भीषण गर्मी के बावजूद स्टेडियम में दर्शकों की भारी मौजूदगी देखने को मिली। जैसे-जैसे भारतीय टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती गई, वैसे-वैसे दर्शकों का उत्साह भी चरम पर पहुंचता गया। पूरा स्टेडियम "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के नारों से गूंज उठा। लहराते तिरंगों और खिलाड़ियों के समर्थन में लग रहे नारों ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
वनडे में दिखा टी-20 का रोमांच
गिल और किशन की आतिशी बल्लेबाजी ने साबित कर दिया कि एकदिवसीय क्रिकेट में भी रोमांच की कोई कमी नहीं है। दोनों बल्लेबाजों ने जिस तेजी से रन बटोरे, उससे दर्शकों को टी-20 मुकाबले जैसा रोमांच महसूस हुआ। उनकी शतकीय पारियों ने न केवल टीम इंडिया को विशाल स्कोर की ओर अग्रसर किया, बल्कि भीषण गर्मी में मैच देखने पहुंचे क्रिकेट प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन भी किया।
मैच के नायक
खिलाड़ी रन गेंद चौके छक्के स्ट्राइक रेट
शुभमन गिल (कप्तान) 154 110 22 2 140.00
इशान किशन 125 79 14 7 158.22
