अखिलेश यादव का 2027 के लिए ‘नारी कार्ड’! बोले- सपा देगी BJP से ज्यादा महिलाओं को टिकट, हर साल मिलेंगे ₹40 हजार
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने सत्ता में आने पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने, भाजपा से ज्यादा महिलाओं को टिकट देने, इंटर पास बेटियों को लैपटॉप और बंद 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को फिर खोलने का वादा किया।
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं और बेटियों को लेकर अपना एजेंडा सामने रखना शुरू कर दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सत्ता में आने पर सपा ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ लागू करेगी। इसके तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे।
‘भाजपा से ज्यादा महिलाओं को टिकट देगी सपा’
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी भाजपा की तुलना में अधिक महिलाओं को टिकट देगी। उन्होंने महिला आरक्षण कानून को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून पारित होने के बावजूद इसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और आधी आबादी की प्रगति के बिना समाज का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है।
महिलाओं को हर साल मिलेंगे 40 हजार रुपये
अखिलेश यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत महिलाओं को प्रतिवर्ष 40,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। उन्होंने इसे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने की दिशा में कदम बताया।
इंटर पास बेटियों को लैपटॉप देने का ऐलान
सपा प्रमुख ने कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में लौटती है तो इंटरमीडिएट पास करने वाली हर लड़की को लैपटॉप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तकनीक तक पहुंच से बेटियों को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। भाजपा के टैबलेट वितरण कार्यक्रम पर निशाना साधते हुए यादव ने कहा कि केवल उपकरण बांटना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका सही तरीके से काम करना भी जरूरी है।
26 हजार बंद प्राथमिक स्कूल खोलने का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में आने पर सपा सरकार बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोलेगी। उनका कहना है कि इससे बेटियों को घर के नजदीक शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा और पढ़ाई के लिए दूर जाने से जुड़ी असुरक्षा कम होगी। उन्होंने कहा कि बेटियों को पढ़ाई के लिए अपना गांव छोड़ने की जरूरत नहीं होनी चाहिए।
1090 और डायल-100 का किया जिक्र
अखिलेश यादव ने पिछली सपा सरकार के दौरान शुरू की गई महिला हेल्पलाइन 1090 और डायल-100 का उल्लेख करते हुए महिला सुरक्षा के प्रति अपनी पार्टी की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
छात्रों को मुफ्त मेट्रो यात्रा का भी ऐलान
सपा प्रमुख ने कहा कि भविष्य में लखनऊ के विश्वविद्यालय और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को विशेष कार्ड के जरिए मेट्रो में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के लिए पहले भी मुफ्त परिवहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं।
भाजपा पर साधा निशाना, बोले- हमारी योजनाएं पहले ही पहुंच रहीं
यूपी सरकार की 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना पर भी अखिलेश यादव ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि सपा अपनी योजनाओं को 2027 के घोषणापत्र में शामिल करने की तैयारी कर रही थी, लेकिन ऐसा लगता है कि उनकी प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी भाजपा तक पहले ही पहुंच रही है।उन्होंने कहा कि इसी वजह से सरकार ने वरिष्ठ महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की घोषणा कर दी।
महिला सम्मान, शिक्षा और रोजगार पर फोकस
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा का प्रस्तावित एजेंडा महिला सम्मान, आर्थिक सशक्तिकरण, शिक्षा, तकनीक और सुरक्षा पर केंद्रित होगा। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के व्यापक घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा।
