Stock Market: रिलायंस और IT शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 183 अंक टूटा, निफ्टी भी गिरा
शुरुआती तेजी के बाद बाजार में मुनाफावसूली हावी, सेंसेक्स 77,473 और निफ्टी 24,208 के स्तर पर बंद
मुंबई: रिलायंस इंडस्ट्रीज और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार बुधवार को शुरुआती बढ़त को बरकरार नहीं रख पाये और दोनों मानक सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 183 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी 127 अंक के नुकसान में रहा।
सेंसेक्स 183 अंक फिसला
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 183.15 अंक यानी 0.24 प्रतिशत टूटकर 77,472.94 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 77,986.84 अंक तक गया और नीचे में 77,472.94 अंक तक आया। यानी कारोबार के दौरान इसमें 513.9 अंक का उतार-चढ़ाव रहा। इसी प्रकार, 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 126.80 अंक यानी 0.52 प्रतिशत टूटकर 24,207.75 अंक पर बंद हुआ।
इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा बिकवाली
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इन्फोसिस, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक और टाटा स्टील शामिल हैं।
शुरुआती तेजी के बाद निवेशकों ने की मुनाफावसूली
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ''भारतीय शेयर बाजार बुधवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। शुरुआती बढ़त के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की। सूचना प्रौद्योगिकी, एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों), वाहन और टिकाऊ उपभोक्ता सामान कंपनियों के शेयरों में गिरावट ने कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख से मिले समर्थन को बेअसर कर दिया।''
कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.96 प्रतिशत टूटकर 85.96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी ज्यादातर में दोपहर के कारोबार में बढ़त का रुख था। अमेरिकी बाजार मंगलवार को लाभ के साथ बंद हुए थे।
FII ने खरीदे 1,593 करोड़ रुपये के शेयर
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,593.53 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। सेंसेक्स मंगलवार को 286.98 अंक बढ़कर 77,656.09 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 115.50 अंक की तेजी के साथ 24,334.55 अंक पर रहा था।
यह भी पढ़ेंः UP Sugar Price: यूपी में चीनी के दामों में बड़ी गिरावट, दो दिन में 300 रुपये प्रति क्विंटल तक सस्ती हुई; जानें वजह
