Share Market Today: कच्चे तेल की महंगाई और अमेरिका-ईरान तनाव का असर, सेंसेक्स-निफ्टी में गिरावट
मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 30 अंक और निफ्टी 38.80 अंक नीचे खुले। बाद में सेंसेक्स की गिरावट बढ़कर करीब 140 अंक और निफ्टी की 67 अंक तक पहुंच गई।
मुंबई: घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव देखने को मिला। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों की धारणा प्रभावित की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में रहे।
सेंसेक्स 77,336 और निफ्टी 24,179 पर खुला
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 30 अंक टूटकर 77,336.32 अंक पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 38.80 अंक की गिरावट के साथ 24,179.50 अंक पर कारोबार करता नजर आया।
बाद में बाजार की गिरावट और बढ़ गई। सेंसेक्स 139.96 अंक टूटकर 77,235.23 अंक पर, जबकि निफ्टी 66.75 अंक की गिरावट के साथ 24,162.50 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, मारुति, एनटीपीसी, पावर ग्रिड और बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे ज्यादा दबाव में रहे।
दूसरी ओर, ट्रेंट, अदाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में भी मंगलवार को दबाव देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में कारोबार कर रहे थे। वहीं जापान का निक्की 225 बढ़त में रहा।
अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को भी गिरावट के साथ बंद हुए थे।
92 डॉलर के पार पहुंचा ब्रेंट क्रूड
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.35 प्रतिशत बढ़कर 92.49 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भारतीय बाजार के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि इससे आयात लागत और महंगाई पर दबाव बढ़ सकता है।
विदेशी निवेशकों ने खरीदे 1,181 करोड़ रुपये के शेयर
बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में 1,181.66 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।
इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 171.72 अंक और निफ्टी 32.95 अंक की गिरावट के साथ बंद हुए थे।
यह भी पढ़ेंः Rupee vs Dollar: डॉलर के मुकाबले रुपया फिर कमजोर, 95.74 पर खुला; कच्चे तेल और आयातकों की डॉलर मांग से दबाव
