रक्षाबंधन पर अनोखी पहल: छात्राओं ने सफाई कर्मियों को बांधी राखी, तिलक कर जताया सम्मान

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

श्रावस्ती के भिनगा में ‘बंधन स्वच्छता’ अभियान के तहत छात्राओं ने सफाई कर्मचारियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और मिठाई खिलाकर उनके योगदान को सराहा।

श्रावस्ती: स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत नगर पालिका परिषद भिनगा की ओर से चलाए जा रहे ‘बंधन स्वच्छता’ अभियान में मंगलवार को भावुक और प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। उच्च प्राथमिक विद्यालय बंदरहा दक्षिणी की नन्हीं छात्राओं ने नगर की स्वच्छता में जुटे स्वच्छता मित्रों (सफाई कर्मचारियों) को तिलक लगाकर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।

छात्राओं ने स्वच्छता मित्रों का मुंह मीठा कराया और शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए उनके योगदान के प्रति आभार जताया। इस पहल का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को बढ़ावा देना रहा।

‘स्वच्छता मित्र समाज की रीढ़’

भिनगा की अधिशासी अधिकारी डॉ. अनीता शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता मित्र केवल नगर पालिका के कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि समाज की रीढ़ और हमारे परिवार का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि जब अधिकांश लोग सो रहे होते हैं, तब ये कर्मचारी गर्मी, सर्दी और बारिश की परवाह किए बिना शहर की सफाई और लोगों के स्वास्थ्य के लिए काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों की ओर से बांधी गई राखी उनके निस्वार्थ समर्पण के प्रति सम्मान और अपनत्व का प्रतीक है। स्वच्छता मित्रों के कठिन काम को आसान बनाना और उन्हें सम्मान देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

चार डस्टबिन से करें कचरे का सही निस्तारण

डॉ. अनीता शुक्ला ने नागरिकों से घरों और प्रतिष्ठानों में कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि गीले कचरे के लिए हरा, सूखे कचरे के लिए नीला, हानिकारक घरेलू कचरे के लिए लाल और सैनिटरी अपशिष्ट के लिए काला डस्टबिन इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कचरे के उचित पृथक्करण से वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण में मदद मिलेगी और स्वच्छता मित्रों को भी सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से काम करने में मदद मिलेगी।

बच्चों ने दिया स्वच्छता का संदेश

प्रधान शिक्षिका हर्षिता श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छता मित्रों की सुरक्षा और सम्मान के साथ-साथ सही कचरा प्रबंधन भी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से स्वच्छता मित्रों के योगदान का सम्मान करने और भिनगा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

यह भी पढ़ेंः Raksha Bandhan 2026: 28 अगस्त को ही क्यों मनाया जाएगा रक्षाबंधन? जानें राखी बांधने का शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

 

संबंधित समाचार