Hardoi Crime News: बुजुर्ग को चाकू मारकर भाग रहा था हमलावर, हाईवे पर खुद हुआ हादसे का शिकार; लखनऊ रेफर

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

हरदोई के बरसोहिया में 60 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से कई वार करने के बाद बाइक से भाग रहा था आरोपी; तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से घायल, पुलिस रंजिश की वजह तलाश रही

हरदोई। बस स्टॉप के पास टहल रहे बुज़ुर्ग के ऊपर चाकू से हमला करने के बाद हमलावर बाइक से भाग निकला,लेकिन उसी बीच वह हाई-वे पर तेज़ रफ्तार गाड़ी से टकरा कर दूर जा गिरा,उसे मेडिकल कालेज से हायर सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है,वहीं बुज़ुर्ग का मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है।

बताया गया है कि सवायजपुर कोतवाली के बरसोहिया गांव निवासी 60 वर्षीय नन्हे भइया पुत्र गिरवर गुरुवार की रात खाना खाने के बाद देर रात टहलते हुए बस स्टॉप के पास पहुंचा ही था,कि उसी बीच गांव का पवन सिंह उसके पास पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा,नन्हे भइया कुछ कहता,उससे पहले पवन ने उसके ऊपर चाकू से कई वार किए और बाइक ले कर भाग निकला,इधर नन्हे भइया ज़मीन पर गिर कर तड़पने लगा,उधर भाग रहा हमलावर हाई-वे पर सहिजना गांव के पास पहुंचा और तेज़ रफ्तार गाड़ी से टकरा कर दूर जा गिरा। नन्हे भइया को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है,जबकि पवन सिंह को सीएचसी सवायजपुर से मेडिकल कालेज और मेडिकल कालेज से हायर सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पवन के इस तरह हमलावर होने की वजह का पता लगाया जा रहा है।

लखनऊ में सिक्योरिटी गार्ड है हमलावर

बरसोहिया के नन्हे भइया पर हमला करने वाला पवन सिंह लखनऊ में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है,वह गुरुवार की सुबह ही लखनऊ से गांव आया हुआ था। जैसा कि बताते है कि घर में कुछ देर रुकने के बाद वह घर से बाहर गया और देर बाद वहां से वापस लौटा,रात में वह दोस्त के साथ टहलने की बात कह कर घर से निकला था। पवन और नन्हे भइया के बीच कौन सी रंजिश चल रही है ? इस बारे में फिलहाल कोई बोलने को तैयार नहीं है।

पवन सिंह पर कई मामले और दर्ज है गुण्डा एक्ट

नन्हे भइया के हमलावर पवन सिंह के बारे में बताया गया है कि उसके खिलाफ पहले से ही कई मामलों के अलावा गुण्डा एक्ट दर्ज है। जैसा कि लोगों का कहना है कि लोगों से मारपीट कर और उन्हे धमकाना उसकी आदत बन चुकी थी। पुलिस रिकार्ड में नाम आने और पकड़े जाने के डर से वह गांव छोड़ कर लखनऊ चला गया,जहां निजी कम्पनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने लगा था।

यह भी पढ़ेंः महीनों से लिपिक PHC से नदारद, मिलता रहा वेतन, कैसे बना करोड़पति?

संबंधित समाचार