16 गोल्ड के साथ लखनऊ का दबदबा! राज्य स्तरीय कराटे में बना ओवरऑल चैंपियन, खिलाड़ियों ने दिखाया दम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

चार दिवसीय विद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता का समापन; लखनऊ मंडल ने 16 स्वर्ण पदकों के साथ ट्रॉफी पर जमाया कब्जा, वाराणसी और मेरठ भी रहे मजबूत

लखनऊ: राजधानी के केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देशीय हाल में आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हो गया। अंतिम दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट में लगातार दमदार प्रदर्शन करने वाले लखनऊ मंडल ने 16 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

लखनऊ के खिलाड़ियों ने बरकरार रखा दबदबा

प्रतियोगिता के दौरान लखनऊ मंडल के खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। 16 स्वर्ण पदकों के साथ मंडल ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया।

बालक वर्ग में भी कई मंडलों के खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। अंडर-14 बालक वर्ग में चार स्वर्ण पदकों के साथ वाराणसी मंडल विजेता रहा।

वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में चार स्वर्ण पदक जीतकर मेरठ मंडल ने बाजी मारी। अंडर-19 बालक वर्ग में वाराणसी मंडल ने तीन स्वर्ण पदकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।

बालिका अंडर-14 में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी

अंतिम दिन बालिका अंडर-14 वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में भी शानदार मुकाबले हुए।

  • अंडर-18 किग्रा: तनुष्का — कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय
  • अंडर-22 किग्रा: रोशनी — लखनऊ मंडल
  • अंडर-24 किग्रा: आराध्या त्रिवेदी — लखनऊ मंडल
  • अंडर-26 किग्रा: फलक नाज़ — लखनऊ मंडल
  • अंडर-30 किग्रा: दिव्यांशी — लखनऊ मंडल
अंडर-19 बालक वर्ग में किसने जीता गोल्ड?

बालक अंडर-19 वर्ग के व्यक्तिगत परिणामों में अलग-अलग भार वर्गों में खिलाड़ियों ने खिताब जीते।

  • अंडर-54 किग्रा: आर्यन गुप्ता — लखनऊ मंडल
  • अंडर-58 किग्रा: पंकज — आगरा मंडल
  • अंडर-62 किग्रा: उत्कर्ष राठी — सहारनपुर मंडल
  • अंडर-66 किग्रा: अंश लोधी — लखनऊ मंडल
  • अंडर-70 किग्रा: जसवीर सिंह — आगरा मंडल
विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

ओवरऑल चैंपियन लखनऊ मंडल की टीम और विजेता खिलाड़ियों को मंडलीय उप शिक्षा निदेशक माध्यमिक लखनऊ मंडल पीएन सिंह और मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मंडलीय क्रीड़ा सचिव विश्वजीत पाण्डेय, जनपदीय क्रीड़ा सचिव अमित कुमार श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश कराटे एसोसिएशन के निर्णायकों, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों का योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ज्योत्सना सिंह ने किया।

यह भी पढ़ेंः ICC Test Rankings: ट्रेविस हेड की बादशाहत खत्म, हैरी ब्रूक बने नंबर-1; जो रूट और स्टीव स्मिथ को भी फायदा

संबंधित समाचार