‘सत्ताइस में सपा साफ’! अखिलेश के महिला घोषणापत्र पर बरसे पंकज चौधरी, बोले- जनता चुनावी लॉलीपॉप से बहकने वाली नहीं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव की महिलाओं को लेकर की गई घोषणाओं पर निशाना साधते हुए उन्हें चुनावी वादे बताया। उन्होंने सपा के शासनकाल की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए और 2027 में सपा की हार का दावा करते हुए ‘सत्ताइस में सपा साफ’ का नारा दिया।
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की महिलाओं को लेकर की गई घोषणाओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अपने पुराने कार्यकाल की कमियों को छिपाने के लिए नई घोषणाओं का सहारा ले रही है।
‘महिलाओं के नाम पर घोषणाओं की दुकान सजा रही सपा’
पंकज चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं के नाम पर मुफ्त बस यात्रा, आवास, अस्पताल, कॉलेज और आर्थिक सहायता समेत कई वादे कर रही है। उन्होंने इसे लेकर सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पुराने कार्यकाल के सवालों का जवाब दिए बिना अब नई घोषणाओं का मुखौटा लगाया जा रहा है।
कानून-व्यवस्था को लेकर अखिलेश पर निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठते थे। उन्होंने सवाल किया कि जब सपा सत्ता में थी, तब महिला सम्मान, सुरक्षा, बेहतर अस्पताल और शिक्षा व्यवस्था को लेकर ऐसे कदम क्यों नहीं उठाए गए।
‘प्रदेश से पहले परिवार और सुशासन से पहले गुंडाराज’
पंकज चौधरी ने सपा की राजनीति पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में ‘प्रदेश से पहले परिवार’ और ‘सुशासन से पहले गुंडाराज’ की राजनीति रही। उन्होंने कहा कि अब महिलाओं को लैपटॉप, मोबाइल और आर्थिक सहायता देने के वादे किए जा रहे हैं।
‘जनता चुनावी लॉलीपॉप से बहकने वाली नहीं’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता अब खोखली घोषणाओं और चुनावी लॉलीपॉप से प्रभावित होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता सपा के पिछले कार्यकाल और कथित वादाखिलाफी को भूली नहीं है।
2027 को लेकर BJP का बड़ा दावा
पंकज चौधरी ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी को लगातार तीसरी हार देने के लिए तैयार है। उन्होंने सोशल मीडिया पर ‘सत्ताइस में सपा साफ’ का नारा भी दिया।
