4 बार IWL चैंपियन को मिली बड़ी जिम्मेदारी, Anthony Andrews बने भारत U-17 महिला टीम के सहायक कोच
ईस्ट बंगाल के मुख्य कोच निभाएंगे दोहरी जिम्मेदारी, जोआकिम अलेक्जेंडरसन मुख्य कोच बने रहेंगे
नई दिल्लीः अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने एंथनी एंड्रयूज को भारत की अंडर-17 महिला राष्ट्रीय टीम का सहायक कोच नियुक्त किया है जबकि जोआकिम अलेक्जेंडरसन मुख्य कोच के रूप में अपनी जिम्मेदारी जारी रखेंगे। ईस्ट बंगाल एफसी के मुख्य कोच के रूप में भी कार्यरत एंड्रयूज ईस्ट बंगाल क्लब और देश, दोनों के लिए दोहरी जिम्मेदारी निभाएंगे।
एंड्रयूज बोले- अगली पीढ़ी के विकास का अवसर
एंड्रयूज ने कहा, ''भारत की अंडर-17 महिला राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान और सौभाग्य की बात है। मुझ पर भरोसा जताने और विश्वास करने के लिए मैं एआईएफएफ का आभारी हूं। भारतीय फुटबॉलरों की अगली पीढ़ी के विकास में योगदान देने के इस अवसर को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। ''
चार बार IWL चैंपियन बना चुके हैं एंड्रयूज
ईस्ट बंगाल के साथ मौजूदा 'इंडियन वुमैन्स लीग' (आईडब्ल्यूएल) चैंपियन एंड्रयूज लीग के इतिहास में एंड्रयूज सबसे सफल कोच में से एक हैं। उन्होंने अब तक चार आईडब्ल्यूएल खिताब जीते हैं। उनके मार्गदर्शन में गोकुलम केरल एफसी ने 2021-22 और 2022-23 में लगातार दो आईडब्ल्यूएल खिताब जीते थे। इसके बाद उन्होंने ईस्ट बंगाल एफसी को 2024-25 और 2025-26 में लगातार दो चैंपियनशिप दिलाई। एंड्रयूज एकमात्र ऐसे कोच हैं जिन्होंने एक से अधिक आईडब्ल्यूएल खिताब जीते हैं।
यह भी पढ़ेंः ICC Test Rankings: बुमराह से छिना नंबर-1 का ताज, पहली बार मिशेल स्टार्क बने टेस्ट के बादशाह
