ICC Test Rankings: बुमराह से छिना नंबर-1 का ताज, पहली बार मिशेल स्टार्क बने टेस्ट के बादशाह
बांग्लादेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन का मिशेल स्टार्क को मिला बड़ा फायदा; जसप्रीत बुमराह दूसरे और मैट हेनरी तीसरे स्थान पर खिसके, ऋषभ पंत ने भी लगाई लंबी छलांग।
डिजिटल डेस्क लखनऊः ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने पहली बार आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 का स्थान प्राप्त किया है। हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ हुई टेस्ट सीरीज में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
बुमराह फरवरी 2024 में पहली बार टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में टॉप पर पहुंचे थे। पिछले लगभग दो सालों में ज्यादातर समय नंबर-1 बने रहे। हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ भारत की मौजूदा World Test Championship series से उनकी अनुपस्थिति और बांग्लादेश के खिलाफ स्टार्क के दमदार प्रदर्शन ने रैंकिंग का पूरा समीकरण ही बदल दिया है।
बांग्लादेश के खिलाफ 10 विकेट लेकर स्टार्क ने रचा इतिहास
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में स्टार्क ने 10 विकेट हासिल किए। सीरीज में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया। इस प्रदर्शन के दम पर 36 साल के स्टार्क रैंकिंग में दो पायदान ऊपर पहुंचे। आपको बता दें कि पहली बार करियर में नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बन गए।
15 साल के टेस्ट करियर में स्टार्क लंबे समय तक टॉप-10 में रहे हैं। पिछले साल के अंत में इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज में शानदार गेंदबाजी के बाद उन्हें टॉप-3 में भी जगह बनाई, लेकिन टॉप स्थान तक पहुंचने में अब तक कामयाब नहीं हुए थे।
बुमराह दूसरे, हेनरी तीसरे नंबर पर
स्टार्क के टॉप पर पहुंचने के बाद जसप्रीत बुमराह को एक पायदान का नुकसान हुआ और वो दूसरे स्थान पर पहुंच गए। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी तीसरे स्थान पर आ गए हैं।
वहीं बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन भी दो पायदान की छलांग लगाकर 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
रॉबिन्सन और टंग को भी बड़ा फायदा
पाकिस्तान के खिलाफ हेडिंग्ले में इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ओली रॉबिन्सन और जोश टंग को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। दोनों गेंदबाजों ने मिलकर इस मुकाबले में 16 विकेट हासिल किए थे।
रॉबिन्सन 15 स्थान ऊपर चढ़कर 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि टंग ने 16 पायदान की छलांग लगाकर 17वां स्थान हासिल किया है।
टेस्ट बल्लेबाजों में हैरी ब्रूक नंबर-1
टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष चार खिलाड़ियों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक पहले और उनके हमवतन जो रूट दूसरे नंबर पर कायम हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ तीसरे और ट्रैविस हेड चौथे स्थान पर हैं।
भारत के ऋषभ पंत ने टॉप-10 में सबसे बड़ी छलांग लगाई है। श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट की दूसरी पारी में तेज अर्धशतक लगाने के बाद पंत छह स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं।
केएल राहुल और ग्रीन को भी फायदा
टॉप-10 के बाहर ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन नौ स्थान ऊपर चढ़कर 21वें नंबर पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा संयुक्त रूप से 22वें, पाकिस्तान के अब्दुल्ला शफीक संयुक्त रूप से 27वें और भारत के केएल राहुल पांच स्थान ऊपर चढ़कर 30वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
रवींद्र जडेजा ऑलराउंडरों में नंबर-1
टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भारत के अनुभवी खिलाड़ी रवींद्र जडेजा का टॉप पर बरकरार है। वहीं पैट कमिंस एक पायदान ऊपर चढ़कर सातवें, कैमरन ग्रीन संयुक्त रूप से 17वें और ओली रॉबिन्सन पांच स्थान ऊपर चढ़कर 23वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ेंः Asian Games 2026: मीराबाई चानू की नजर पहली एशियाई पदक पर, बोलीं- जापान में मिलेगी ओलंपिक जैसी चुनौती
