देश में नंबर-1 बना उत्तर प्रदेशः चिलचिलाती धूप में रिकॉर्ड 30,760 मेगावाट बिजली देकर देश में किया टॉप
लखनऊ, अमृत विचार: भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बनाया है। प्रदेश में 16 जून को 30,760 मेगावाट बिजली की मांग पूरी की गई। इससे पहले 14 और 15 जून को भी उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य रहा, जब क्रमशः 29,571 और 29,579 मेगावाट बिजली की आपूर्ति दर्ज की गई।
ऊर्जा विभाग के अनुसार, रिकॉर्ड स्तर की मांग के बावजूद प्रदेश में किसी बड़े बिजली संकट की स्थिति नहीं बनी और निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई। अधिकारियों का कहना है कि पिछले वर्षों में उत्पादन, पारेषण और वितरण तंत्र को मजबूत करने के लिए किए गए निवेश का सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
आंधी-बारिश के बावजूद बिजली कर्मी फील्ड में लगातार सक्रिय हैं। लाइन फॉल्ट होने पर तत्काल मरम्मत की जा रही है तथा ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरणों की नियमित निगरानी की जा रही है। अनुरक्षण कार्यों के लिए टीमें रात में भी तैनात की जा रही हैं। ट्रिपिंग और फॉल्ट कम करने के लिए बिजनेस प्लान 2025-26 के तहत विभिन्न जिलों में काम तेज कर दिया गया है। इसके तहत बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की छंटाई और उपकेंद्रों की साफ-सफाई का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बारिश के मौसम में आपूर्ति बाधित न हो।
ऊर्जा विभाग ने अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारी उपकेंद्रों और बिजलीघरों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं, साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। यूपीपीसीएल के निदेशक (वितरण) के अनुसार, प्रदेश में लगातार रिकॉर्ड स्तर की बिजली मांग को संभालने के लिए पूरी टीम दिन-रात कार्य कर रही है, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
