Lucknow News: UPSSSC मुख्यालय पहुंचे 200 से ज्यादा होम्योपैथिक फार्मासिस्ट अभ्यर्थी, फाइनल रिजल्ट जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की होम्योपैथिक फार्मासिस्ट भर्ती (विज्ञापन संख्या 09/2024) का अंतिम परिणाम जारी करने की मांग को लेकर गुरुवार को 200 से अधिक अभ्यर्थी आयोग मुख्यालय पहुंचे। अभ्यर्थियों ने मुख्यालय के सामने जमीन पर बैठकर शांतिपूर्ण धरना शुरू किया और जल्द परिणाम घोषित करने की मांग उठाई।
मुख्य परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पूरी
अभ्यर्थियों के मुताबिक, 397 पदों के लिए मुख्य परीक्षा 2 फरवरी 2025 को आयोजित की गई थी। इसके बाद सितंबर 2025 में 2410 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन भी पूरा करा लिया गया। उनका कहना है कि दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के करीब नौ महीने बाद भी अंतिम परिणाम जारी नहीं किया गया है।
9 महीने में 9 बार लखनऊ आए, नहीं मिला परिणाम
अभ्यर्थियों ने बताया कि वे पिछले नौ महीनों में नौ बार लखनऊ आ चुके हैं। उनका कहना है कि हर बार अधिकारियों की ओर से 15 दिनों में परिणाम जारी करने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक परिणाम घोषित नहीं हुआ है। अभ्यर्थियों के मुताबिक, प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 200 अभ्यर्थी लखनऊ पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कई अभ्यर्थी रात से भूखे हैं और जब तक परिणाम जारी करने को लेकर स्पष्ट और ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।
.jpg)
हर बार 15 दिन का आश्वासन
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बाद भी परिणाम घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की ओर से लगातार 15 दिन में परिणाम जारी करने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन कई बार आने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इतना ही नहीं अभ्यर्थियों की भावनाओं और लंबे इंतजार की स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
मानसिक और आर्थिक दबाव
धरने में शामिल अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछले नौ महीनों से परिणाम जारी करने का आश्वासन मिलता रहा है, लेकिन भर्ती प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है। उनका कहना है कि लंबे इंतजार की वजह से हजारों उम्मीदवार मानसिक और आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं तथा उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है।
नारेबाजी कर उठाई मांग
पिकअप भवन पहुंचे अभ्यर्थियों ने ‘हमारी मेहनत, हमारा अधिकार’, ‘परिणाम दो, न्याय दो’ और ‘हक लेकर रहेंगे’ जैसे नारों के साथ अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे केवल भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कर अंतिम परिणाम घोषित किए जाने की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें:-
