रेलवे स्टेशनों पर लगेंगी ‘लखन खजाना’ वेंडिंग मशीनें, यात्रियों को 24 घंटे मिलेंगे स्नैक्स और पेय पदार्थ

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

लखनऊ, अमृत विचार। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने एक नई पहल शुरू की है। मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर कुल 25 ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनें ‘लखन खजाना’ स्थापित की जा रही हैं। इन मशीनों के जरिए यात्रियों को चौबीसों घंटे स्नैक्स, पानी और अन्य पेय पदार्थ आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।

लखन खजाना वेंडिंग मशीन (3)

लखनऊ जंक्शन समेत कई स्टेशनों पर शुरू हुई सुविधा

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से फिलहाल मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय में एक, लखनऊ जंक्शन पर चार, ऐशबाग जंक्शन पर एक और डालीगंज जंक्शन पर एक ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन सफलतापूर्वक स्थापित कर संचालित की जा चुकी है। आने वाले दिनों में शेष मशीनें भी मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर लगाई जाएंगी।

लखन खजाना वेंडिंग मशीन (1)

ATM की तरह करेंगी काम, UPI से होगा भुगतान

मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव अग्रवाल ने बताया कि ‘लखन खजाना’ वेंडिंग मशीनें एटीएम की तरह कार्य करेंगी। यात्री मशीन में उपलब्ध उत्पादों का चयन कर यूपीआई के माध्यम से कैशलेस भुगतान कर सकेंगे। भुगतान के तुरंत बाद मशीन से संबंधित उत्पाद बाहर आ जाएगा। इससे नकदी के इस्तेमाल की जरूरत कम होगी और लेन-देन में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।

24 घंटे मिलेगी सुविधा, भीड़ भी होगी कम

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन मशीनों के जरिए यात्रियों को दिन-रात किसी भी समय खाद्य सामग्री और पेय पदार्थ उपलब्ध हो सकेंगे। इससे स्टॉलों पर लगने वाली भीड़ कम होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा। खासकर देर रात या सुबह के समय यात्रा करने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

लखन खजाना वेंडिंग मशीन (2)

यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में नई पहल

पूर्वोत्तर रेलवे का मानना है कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत इस तरह की सुविधाएं यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने में मदद करेंगी। आने वाले समय में लखनऊ मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी ‘लखन खजाना’ वेंडिंग मशीनें स्थापित कर यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

ये भी पढ़ें:- लखनऊ मेट्रो का महाविस्तार: बाराबंकी, उन्नाव और मोहनलालगंज तक दौड़ेगी मेट्रो! 10 नए कॉरिडोर का मेगा प्लान प्रस्तावित

संबंधित समाचार