Bareilly News : आंधी ने मचाई तबाही.. जिले में 124 बिजली खंभे क्षतिग्रस्त, सप्लाई ठप

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

आठ बिजली उपकेंद्र बंद, 50 फीडरों पर फॉल्ट, रातभर अंधेरे और गर्मी से जूझे लोग

बरेली, अमृत विचार। बुधवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। जिले में 124 से अधिक बिजली खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, आठ बिजली उपकेंद्र ठप पड़ गए और करीब 50 फीडरों पर लोकल फॉल्ट से शहर और देहात के बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली कटौती के चलते लोगों को पानी संकट और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।

जिले में मौसम की मार ने बिजली विभाग की तैयारियों की परीक्षा ले ली। बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश के बाद शहर का बड़ा हिस्सा रातभर अंधेरे में डूबा रहा। आंधी के कारण बिजली लाइनों पर करीब 150 पेड़ और शाखाएं गिर गईं, जिससे कई इलाकों में आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। राजेंद्र नगर, इज्जतनगर, सनसिटी, महानगर, रामगंगानगर कई क्षेत्रों में गुरुवार सुबह तक बिजली सामान्य नहीं हो सकी। रात भर बिजली न रहने से घरों के इन्वर्टर जवाब दे गए और सुबह होते-होते पानी का संकट भी गहरा गया। लंगड़ा बाग वाली पकड़िया क्षेत्र में ट्रांसफार्मर गिर गया और दो बिजली पोल टूट गए, जबकि सर्किट हाउस के पास बिजली का एक पोल टेढ़ा हो गया। बिजली निगम की टीमें रातभर फील्ड में रहकर मरम्मत और पेड़ हटाने के काम में लगी रहीं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बिजली आपूर्ति बहाल करने से पहले सभी लाइनों और उपकरणों का सुरक्षा निरीक्षण किया जा रहा है। मुख्य अभियंता ने बताया कि स्टाफ लगातार आपूर्ति सामान्य करने में जुटा है। उपभोक्ताओं से संयम बनाए रखने और अनावश्यक कॉल न करने की अपील की गई है।

बिजली बहाली के लिए दिनभर दौड़ते रहे अफसर
बुधवार रात आई भीषण आंधी-बारिश में गुल हुई बिजली सप्लाई बहाल करने के लिए गुरुवार को बिजली निगम के अफसरों को दिनभर दौड़भाग करनी पड़ी। शहर के कई इलाकों से लगातार शिकायतें दर्ज होती रहीं। कहीं एक फेज गायब रहा तो कहीं पूरे क्षेत्र की सप्लाई प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

शाम होते-होते शिकायतों का दबाव और बढ़ गया। रामपुर गार्डन, कुतुबखाना, सिविल लाइन्स, हरुनगला, महानगर और मिशन से जुड़े क्षेत्रों में बिजली गुल होने से लोग परेशान रहे। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने बिजली बाधित होने की सूचना दर्ज कराई। कई स्थानों पर एक फेज गायब रहा, जबकि कुछ क्षेत्रों में पोल से आपूर्ति बाधित होने और वोल्टेज फ्लेक्चुएशन की समस्या सामने आई। रामपुर बाग, सिविल लाइन्स और कुतुबखाना क्षेत्र में लगातार शिकायतें आने के बाद संबंधित उपकेंद्रों की टीमें मौके पर भेजी गईं। हरुनगला से जुड़े कई क्षेत्राें में गुरुवार देर शाम तक सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। कई बिजली अफसरों के फोन स्वीच आफ रहे वहीं कइयों ने फोन नहीं उठाए। श्यामगंज क्षेत्र में कई घंटे वोल्टेज अस्थिर रहने से उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई। आंधी के कारण कई स्थानों पर लाइन, फेज बैलेंसिंग और स्थानीय फॉल्ट की समस्या उत्पन्न हुई। देर शाम पीरबहोड़ा फीडर के कुछ हिस्सों की आपूर्ति सामान्य कर दी गई, जबकि अन्य प्रभावित इलाकों में बहाली काम जारी रहा।

संबंधित समाचार