Pilibhit News : नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाला भेजा जेल, घर पर जेसीबी से ध्वस्त
पीलीभीत, अमृत विचार। दूसरे समुदाय के 66 वर्षीय वृद्ध द्वारा नौ साल की बच्ची को फुसलाकर ले जाने के बाद दो दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया। उसकी संपत्ति पर बुल्डोजर एक्शन की विभिन्न संगठनों की ओर से मांग चलती रही। राज्यमंत्री ने भी इसे लेकर पुलिस अधिकारियों से सख्त एक्शन के निर्देश दिए। फिर दिन भर टीमें जुटी रही और शाम को आरोपी के मकान को बुल्डोजर से ध्वस्त करा दिया गया।
घटना सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की है। यहां के रहने वाले एक श्रमिक की नौ साल की पुत्री पिता संग 14 जून को चप्पल खरीदने के लिए भिकारीपुर बाजार गई थी। वहां से उसे ग्राम उगनपुर निवासी 66 वर्षीय उमर खां पुत्र मोहम्मद उमर खां लालच देकर अपने साथ ले गया था। दो दिन तक बच्ची को बंधक बनाकर नशीला पदार्थ देकर बेसुध करने के बाद आरोपी ने दुष्कर्म किया। 16 जून की शाम बच्ची घर पहुंची और कुछ देर बाद ही दरिंदगी से जुड़ा वीडियो भी परिवार तक पहुंचा। जिसे देखकर परिवार के होश उड़ गए थे। रात करीब दस बजे परिजन बच्ची को लेकर सुनगढ़ी थाने पहुंचे और शिकायत की थी। रात में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और दूसरे दिन जेल भेज दिया। वहीं, इस मामले में तेजी से वायरल हो रहे वीडियो के बाद आक्रोश भी कम नहीं है। इसे लेकर संगठनों की ओर से आरोपी को फांसी देने और उसकी संपत्ति बुल्डोजर से ध्वस्त करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा समेत अन्य संगठनों की ओर से इस मांग को लेकर राज्यमंत्री से भी मुलाकात की गई। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने भी पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद शाम को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी के मकान पर जेसीबी गरजी और ध्वस्त कर दिया गया।
