Lucknow News : बिना रजिस्ट्रेशन के फर्राटा भर रहे 117 वाहन सीज, 434 के चालान
महज आठ दिन के भीतर ऑटो में चार वारदातों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निगोहां गैंगरेप, विकासनगर, गाजीपुर और पारा में ऑटो चालकों द्वारा की गयी छेड़छाड़ व हमले की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस एक बार फिर अलर्ट हुई।
लखनऊ, अमृत विचार। महज आठ दिन के भीतर ऑटो में चार वारदातों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निगोहां गैंगरेप, विकासनगर, गाजीपुर और पारा में ऑटो चालकों द्वारा की गयी छेड़छाड़ व हमले की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस एक बार फिर अलर्ट हुई। मंगलवार देर रात सड़कों पर पुलिस उतरी। तिराहे-चौराहों पर मौजूद पुलिस ने बिना सेफ राइड रजिस्ट्रेशन के दौड़ रहे ऑटो-ई-रिक्शा की चेकिंग की। इस दौरान 117 वाहन सीज किए गए, जबकि 434 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर ने बताया कि चारबाग रेलवे स्टेशन, आलमबाग बस स्टेशन, कैसरबाग बस अड्डा, हजरतगंज, परिवर्तन चौक, निशातगंज, इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा, मुंशी पुलिया, पॉलिटेक्निक चौराहा, कमता, चिनहट, खरगापुर, हुसड़िया, गोमती नगर रेलवे स्टेशन, आशियाना, बंगला बाजार, तेलीबाग, पीजीआई, दुबग्गा, चौक, अमीनाबाद, राजाजीपुरम, बुद्धेश्वर, आईटी चौराहा, मड़ियांव एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। सभी जोनों में एसीपी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में टीमें तैनात रहीं।
अभियान के दौरान हजरतगंज चौराहे पर पुलिस ने कई ऑटो में चेकिंग की और दस्तावेज चेक किए। एसीपी हजरतगंज पुलिस बल के साथ मंगलवार देर रात चारबाग में रविंद्रालय के पास पहुंचे। बिना रजिस्ट्रेशन के फर्राटा भर रहे ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को पुलिस ने रोका। दस्तावेज चेक करने के साथ ही सवारियों से किसी भी तरह की परेशानी के बारे में पूछा। अभियान के दौरान 2201 ई-रिक्शों की जांच हुई। इनमें वैध कागज नहीं मिलने पर 117 को सीज किया गया जबकि 434 के चालान किए गए।
पांचों जोन में हुई कार्रवाई
- पश्चिमी जोन- सबसे ज्यादा 778 ई-रिक्शा चेक, 190 चालान, 44 सीज
- मध्य जोन- 553 चेक, 100 चालान, 26 सीज
- दक्षिणी जोन- 379 चेक, 78 चालान, 28 सीज
- पूर्वी जोन- 279 चेक, 44 चालान, 5 सीज
- उत्तरी जोन- 212 चेक, 22 चालान, 14 सीज
पुलिस आयुक्त ने की अपील
शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ई-रिक्शा चेकिंग का यह विशेष अभियान चलाया गया है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तथा अवैध रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध आगे भी निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। सभी ई-रिक्शा चालकों से अपील है कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें, वैध अभिलेख साथ रखें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार तरीके से वाहन संचालन करें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
