IND A vs AFG A: भारत ए का बोर्ड पर विशाल स्कोर, अफगानिस्तान ए के सामने जीत के लिए 350 रन की चुनौती
दांबुला। श्रीलंका में खेले जा रहे ट्राई नेशन सीरीज के दूसरे मुकाबले में आज इंडिया ए और अफगानिस्तान ए की टीमें आमने-सामने हैं। रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय टीम इस समय शानदार फॉर्म में है; उसने अपने पहले मैच में मेजबान श्रीलंका ए को 8 रनों से पटखनी दी थी। ऐसे में कप्तान तिलक वर्मा की अगुवाई वाली इंडिया ए की नजरें आज लगातार दूसरी जीत दर्ज करने पर टिकी होंगी।
प्रभसिमरन सिंह की तूफानी पारी
प्रभसिमरन सिंह (86), ऋतुराज गायकवाड़ (66) और कप्तान तिलक वर्मा (66) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर भारत ए ने गुरुवार को त्रिकोणीय श्रृंखला के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान ए को जीत के लिए 350 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां अफगानिस्तान ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी प्रभसिरमन सिंह और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी 74रन जोड़कर भारत ए को अच्छी शुरुआत दिलाई।
वैभव सूर्यवंशी ने 22 गेंदों में ठोके 44 रन
अब्दुल्लाह अहमदजई ने वैभव सूर्यवंशी को आउट कर अफगानिस्तान ए को पहली सफलता दिलाई। वैभव सूर्यवंशी ने 22 गेंदों में नौ चौके लगाते हुए 44 रनों की पारी खेली। 10वें ओवर में अहमदजई ने प्रियांश आर्य (आठ) रन को आउट कर भारत ए को दूसरा झटका दिया। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने प्रभसिमरन सिंह के साथ तीसरे विकेट के लिए 79 जोड़े। 22वें ओवर में इमरान ने शतक की ओर बढ़ रहे प्रभसिमरन सिंह को आउट कर पवेलियन भेज दिया।
अफगानिस्तान ए के लिए अहमदज के 5 और फरमानउल्लाह साफ़ी के 3 विकेट
प्रभसिमरन सिंह ने 69 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 86 रनों की पारी खेली। 38वें ओवर में फरमानउल्लाह साफी ने अर्धशतक पूरा कर चुके ऋतुराज गायकवाड़ को अपना शिकार बना लिया। ऋतुराज गायकवाड़ ने 80 गेंदों में तीन चौके लगाते हुए (66) रन बनाये। इसकी ओवर की अगली गेंद पर फरमानउल्लाह ने आयुष बदोनी (शून्य) को भी आउट कर अफगानिस्तान ए को पांचवीं सफलता दिलाई।
प्रभसिमरन सिंह, ऋतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा के अर्धशतक
सूर्यांश और तिलक वर्मा ने पांचवें विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी की। 46वें ओवर में अहमदजई ने तिलक वर्मा को आउट किया। तिलक वर्मा ने 73 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 66 रनों की पारी खेली। सूर्यांश शेडगे (40) और अरशद खान (एक) को अहमदजई ने आउट किया।
विप्रज निगम (आठ) को 49वें ओवर में फरमानउल्लाह ने आउट किया। भारत ए ने 49 ओवरो में नौ विकेट पर 349 रनों का स्कोर बनाया। अनुकूल रॉय (16) रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान ए के लिए अब्दुल्लाह अहमदजई ने पांच विकेट लिये। फरमानउल्लाह सोफी को तीन विकेट मिले। इमरान ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
अफगानिस्तान ए ने टॉस जीतकर भारत ए को दिया बल्लेबाजी का न्यौता
अफगानिस्तान ए टीम ने गुरुवार को त्रिकोणीय श्रृंखला के दूसरे मुकाबले में टॉस जीतकर भारत ए के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आज यहां रंगिरी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में अफगानिस्तान ए टीम के कप्तान इमरान मीर ने कहा कि हम भारत ए के खिलाफ पहले गेंदबाजी करेंगे। उन्होंने कहा कि शुरुआती 15 ओवर में गेंदबाजी को मदद मिलेगी। इस सीरीज के लिए हमारी तैयारी अच्छी रही है।
पिच पर दिखेगी नमी
पिच रिपोर्ट के अनुसार पहले थोड़ी बारिश हुई थी, लेकिन अब धूप निकल आई है। शुरुआती समय में पिच पर थोड़ी नमी और मूवमेंट होगी। फिर भी यह बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच है। 270-280 का स्कोर अच्छा रहेगा। इस त्रिकोणीय श्रृंखला की तीसरी टीम श्रीलंका है।
कप्तान तिलक वर्मा की अगुवाई
वहीं भारत ए टीम के कप्तान तिलक वर्मा ने कहा कि आज हम पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। दुर्भाग्य से, हम टॉस हार गए। विकेट पर नमी है, इसलिए हम गेंदबाजी करना चाहते थे। 290-300 का स्कोर अच्छा रहेगा। शुरुआती 6-7 ओवरों में गेंद मूव करेगी। उन्होंने कहा कि टीम वही है।
दोनों टीमें इस प्रकार है:-
भारत ए (एकादश): वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, सूर्यांश शेडगे, अरशद खान, विप्रज निगम, अनुकूल रॉय और अंशुल कंबोज।
अफगानिस्तान ए (एकादश): इमरान मीर (कप्तान), हसन ईसाखिल, खालिद तानिवाल, इजाज अहमद अहमदजई, बहिर शाह, इशाक रहीमी (विकेटकीपर), खलील गुरबाज, जहीर खान, अब्दुल्ला अहमदजई, मोहम्मद इब्राहिम और फरमानुल्लाह सफी राम
