ओमान के पास भारतीय नाविकों वाले पोत पर हमला, 3 की मौत पर भारत ने US राजनयिकों को दर्ज कराई कड़ी आपत्ति
दिल्ली। भारत ने ओमान तट के निकट बुधवार को एक वाणिज्यिक पोत पर हमले की कड़ी निंदा की है जिसमें तीन भारतीय नाविक लापता बताए गए हैं जबकि 21 अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया है। विदेश मंत्रालय ने आज एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि जिस वाणिज्यिक पोत पर हमला हुआ है उसका नाम सेत्तेबेलो है और इसके चालक दल में 24 भारतीय शामिल थे । इनमें से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है लेकिन तीन नाविक लापता है।
क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष पर भारत की दोटूक
https://twitter.com/MEAIndia/status/2064725291168415915?s=20
मंत्रालय ने कहा है कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर निकटता से नज़र रखे हुए है और खोज एवं बचाव अभियान में ओमानी अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत आज तड़के ओमान के तट के निकट वाणिज्यिक पोत सेत्तेबेलो पर हुए हमले की निंदा करते हैं। पोत पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से अब तक 21 भारतीयों को बचा लिया गया है और तीन भारतीयों के लापता होने की सूचना है।
ओमान में भारतीय दूतावास ने जताई चिंता
ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर निकटता से नज़र रखे हुए है और खोज एवं बचाव अभियान में ओमानी अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है। भारत ने कहा है कि क्षेत्र में नौवहन पर हमलों की लगातार हो रही घटनाएँ अत्यंत चिंताजनक हैं और क्षेत्र में जारी संघर्ष का प्रत्यक्ष परिणाम हैं। वक्तव्य में कहा गया है,"हम तनाव को तत्काल कम करने तथा कूटनीतिक समाधान के लिए जारी वार्ताओं को शीघ्र निष्कर्ष तक पहुँचाने की अपनी अपील दोहराते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौट सके।
क्षेत्र में वाणिज्यिक नौवहन और नागरिक अवसंरचना को निशाना बनाना बंद होना चाहिए, तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में स्वतंत्र और निर्बाध नौवहन एवं व्यापार को यथाशीघ्र बहाल किया जाना चाहिए।" उल्लेखनीय है कि ओमान तट पर कुछ दिन पहले भी एक पोत पर हमला किया गया था लेकिन उस पर सवार चालक दल के सभी 24 भारतीय सदस्यों को बचा लिया गया था।
मस्कट में भारतीय दूतावास अलर्ट
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह ओमान के शिनास बंदरगाह के निकट एक पोत से जुड़ी घटना पर ''करीबी नजर'' रखे हुए है। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''हमें आज सुबह ओमान के शिनास बंदरगाह के निकट एक पोत से जुड़ी घटना की जानकारी मिली है। हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और अधिक जानकारी के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।''
20 भारतीय नाविकों के फंसे होने की आशंका
हालांकि, दूतावास ने घटना के बारे में कोई अतिरिक्त विवरण साझा नहीं किया। इस बीच, भारतीय नाविकों के संगठन 'फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया' (एफएसयूआई) ने एक जहाज से घना धुआं उठते हुए कुछ तस्वीरें जारी कीं। यूनियन का कहना है कि उस पोत पर करीब 20 भारतीय नाविकों के सवार होने की आशंका है। हालांकि, यह तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी कि यह वही जहाज है या नहीं, जिसके संबंध में मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच पर जानकारी साझा की है।
भारत ने अमेरिकी राजनयिक को तलब कर दर्ज कराया था विरोध
भारतीय दूतावास के इस बयान से एक दिन पहले भारत ने बुधवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब किया था और ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिकी हमले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया था। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों के मारे जाने की पुष्टि की।
इससे पहले, सोमवार को ओमान तट के निकट एक व्यापारी तेल टैंकर पर हुए मिसाइल हमले के बाद ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर टैंकर पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया था।
