दो दिवसीय दौरे पर North Macedonia पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, भारत-यूरोप संबंधों को मिलेगा नया आयाम
स्कोपिये। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपनी तीन देशों की विदेश यात्रा के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर उत्तरी मैसेडोनिया पहुंचीं। इस यात्रा का उद्देश्य यूरोपीय देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है। राष्ट्रपति मुर्मू उत्तरी मैसेडोनिया की यात्रा करने वाली भारत की पहली राष्ट्रपति हैं।
अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तरी मकदूनिया की राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इसके अलावा, वह प्रधानमंत्री ह्रिस्टिजन मिकोस्की और संसद के अध्यक्ष अफरिम गाशी से भी मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति वहां की संसद को भी संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू भारत-उत्तरी मकदूनिया व्यापार मंच को भी संबोधित करेंगी। दोनों देशों के बीच कृषि, औषधि उद्योग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा सूचना प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में आर्थिक और व्यापारिक सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।
दौरे के दौरान राष्ट्रपति स्कोपिये स्थित मदर टेरेसा स्मारक का भी भ्रमण करेंगी। मदर टेरेसा का जन्म 26 अगस्त 1910 को स्कोपिये में हुआ था। वर्ष 1928 तक वहीं रहने के बाद वह आयरलैंड में 'सिस्टर्स ऑफ लोरेटो' संस्था से जुड़ीं और बाद में भारत आ गईं। उन्हें वर्ष 1980 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2009 में स्थापित मदर टेरेसा संग्रहालय स्कोपिये के मध्य स्थित 'मकदूनिया स्ट्रीट' पर है।
राष्ट्रपति मुर्मू अपनी तीन देशों की विदेश यात्रा के अंतिम चरण में 23 से 25 जुलाई तक राष्ट्रपति निकुसोर डैन के निमंत्रण पर रोमानिया का दौरा करेंगी। तीन दशक से अधिक समय बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति की यह पहली रोमानिया यात्रा होगी, जिसे दोनों देशों के संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
