Lucknow News : सिपाही भर्ती परीक्षा में सॉल्वर गिरफ्तार, बाबा ठाकुर दास इंटर कॉलेज से दबोचा गया आरोपी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश में 32,679 सिपाही नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित तीन दिवसीय लिखित परीक्षा बुधवार को संपन्न हो गई। अंतिम दिन बुधवार को कैसरबाग स्थित बाबा ठाकुर दास इंटर कॉलेज में बनाए गए केंद्र से एक सॉल्वर को गिरफ्तार किया गया। 

आरोपी ने पहले दिन दूसरे के स्थान पर परीक्षा दी थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि बाबा ठाकुरदास इण्टर कालेज कैसरबाग स्थित परीक्षा केन्द्र संख्या-59006 पर केन्द्र प्रभारी अरुण कुमार ने तकनीकि टीम के प्रभारी प्रदीप कुमार को रिपोर्ट की। 

बताया कि बुधवार को प्रथम पाली 10 से 12 बजे में एक अभ्यर्थी राम अवतार पुत्र रामपाल निवासी ग्राम नंगला शिशराम जिला मथुरा ने परीक्षा दी है। इसकी जांच से पता चला कि यही अभ्यार्थी 8 जून को खालसा इंटर कालेज थाना नाका के परीक्षा केंद्र में द्वितीय पाली में वीरू पुत्र राजवीर सिंह निवासी ग्राम अहमल कमाल अहमल सोक मथुरा के नाम से भी परीक्षा दी थी।

इस जानकारी के बाद पुलिस ने आरोपी सॉल्वर राम अवतार को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी राम अवतार ने जाली दस्तावेज बनाकर दोस्त की जगह परीक्षा दी थी। आरोपी ने दोस्त की आईडी पर अपनी फोटो लगा ली थी। 

तकनीकि टीम प्रभारी प्रदीप कुमार की तहरीर पर आरोपी राम अवतार व वीरू के खिलाफ जाली दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी ने दूसरे की परीक्षा के लिए कितने रुपये लिए या किसके कहने पर सॉल्वर बना। इन सभी जवाबों की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार