नोएडा के दो अलग-अलग सेक्टर में लगी आग, सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान, किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

नोएडा। नोएडा के सेक्टर-75 में स्थित एक आवासीय सोसायटी की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई, जिसके बाद अंदर फंसे एक परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एहतियातन इमारत को खाली करा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गौतम बुद्ध नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि आग संभवतः एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। 

वही दूसरी तरफ नोएडा के सेक्टर 24 थाना क्षेत्र के सेक्टर 52 स्थित शताब्दी विहार अपार्टमेंट के पास बने एक वाणिज्यिक परिसर में स्थित रेस्टोरेंट में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गौतम बुद्ध नगर जिला (नोएडा) में मुख्य दमकल अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सेक्टर 52 के शताब्दी बिहार के पास स्थित शर्मा कॉम्प्लेक्स में आज सुबह रेफ्रिजरेटर का कंप्रेशर फटने के कारण आग लग गई, जिसने तुरंत भीषण रूप धारण कर लिया। 

उक्त परिसर में नीचे रेस्तरां और ऊपर पीजी बनी हुई है जिसमें रहने वाले करीब 18 लोग फंस गए जिन्हें दमकल विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की चार गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया और घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग को सेक्टर 52 की घटना के बारे में जानकारी तब मिली जब उसकी टीम पहले से ही सेक्टर 75 में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग बुझाने के अभियान में लगी हुई थीं जहां 12वीं मंजिल पर दो फ्लैट आग की चपेट में आ गए थे।

सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान 

लखनऊ में जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने, राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने और यदि कोई घायल हो तो उसे उचित उपचार मुहैया कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्क रहने और राहत प्रयासों की निरंतर निगरानी करते रहने का निर्देश भी दिया है। यह घटना सुबह करीब सात बजे सेक्टर 75 स्थित आइवी काउंटी सोसाइटी में हुई, जहां 28 मंजिला इमारत की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट से आग की लपटें निकलने लगीं। 

आस-पास के इलाकों से भी घना काला धुआं और आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। सीएफओ कुमार ने कहा, ''सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन सेवा के कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।'' उन्होंने बताया कि दमकल गाड़ियों के साथ-साथ एक हाइड्रोलिक उपकरण भी मौके पर भेजा गया। 

कुमार ने कहा, ''इमारत के अंदर दमकल उपकरण मौजूद होने के कारण, हमारे उपकरण और वाहन आग बुझाने के अभियान में शामिल नहीं हुए। विशेष सूट पहने और श्वास यंत्र का उपयोग करते हुए दमकल कर्मियों ने बहादुरी से आग से घिरे दोनों फ्लैट्स में प्रवेश किया। आग संभवतः एयर कंडीशनर की खराबी के कारण लगी या संभवतः फ्लैट के 'पूजा' कक्ष में लगी। हमारे कर्मियों ने फ्लैट संख्या 1203 और 1204 में प्रवेश किया और आग को पूरी तरह बुझा दिया।'' 

सीएफओ ने पुष्टि की, ''जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ।'' सूचना मिलने के कुछ ही समय बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। निवासी सीढ़ियों के रास्ते इमारत से निकले और एहतियात के तौर पर आस-पास के फ्लैट में रहने वालों को भी सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। 

नोएडा के सेक्टर 52 में वाणिज्यिक परिसर में आग लगी

आइवी काउंटी में आग बुझाने और बचाव अभियान जारी रहने के दौरान अग्निशमन विभाग को एक अन्य घटना के बारे में सूचित किया गया जिसमें सेक्टर 52 में शताब्दी विहार के पास एक व्यावसायिक परिसर में आग लग गई। कुमार ने बताया कि सेक्टर-52 में व्यावसायिक परिसर में आग भूतल पर स्थित एक रेस्तरां में लगे फ्रीजर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। इमारत की ऊपरी मंजिलों पर 'पीजी' (पेइंग गेस्ट) सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा, ''दमकलकर्मियों ने इमारत से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।'' उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। 

कुमार ने कहा, ''सेक्टर 52 की घटना पर हमारी प्रतिक्रिया भी बहुत त्वरित थी। किसी भी तरह की देरी से एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।'' सीएफओ ने बताया कि दमकल विभाग यह जांच कर रहा है कि क्या परिसर के मालिक ने अग्नि सुरक्षा संबंधी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिया था या नहीं तथा यहां पर आग बुझाने वाले उपकरण लगाए गए थे या नहीं। उन्होंने बताया कि जांच में गड़पड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  : 
काशी में सिलेंडर फटने से मकान के ग्राउंड फ्लोर पर लगी आग, गालिया संकरी होने से दमकल को करनी पड़ी कड़ी मशक्क्त 

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Bahraich News: बहराइच दौरे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले- राममंदिर चढ़ावा चोरी में कोई भी दोषी नहीं बचेगा
Barabanki News: लोधेश्वर महादेवा धाम से अयोध्या के लिए शुरू हुई निःशुल्क AC रामरथ सेवा, जानिए प्रतिदिन कितने श्रद्धालु कर सकेंगे यात्रा
UP Teacher Recruitment: 68500 सहायक अध्यापक भर्ती के अभ्यर्थियों ने संशोधित परिणाम की मांग उठाई, मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
Hardoi Crypto Scam: 7.5% रिटर्न, गोवा टूर और प्लॉट का लालच... 50 करोड़ की ठगी के बाद मुख्य आरोपी दुबई फरार, 5 पर केस दर्ज
Kanpur News: मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, IAS-PCS समेत प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग