राहुल गांधी मानहानि केस : सेशन कोर्ट से पत्रावली तलब, 5 जून को होगी सुनवाई
सुलतानपुर, अमृत विचार: नेता प्रतिपक्ष सासंद राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे बहुचर्चित मानहानि मामले में सेशन कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट की पत्रावली तलब कर ली है। वाइस सैंपल की मांग खारिज किए जाने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए शनिवार को सेशन जज राकेश की अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 5 जून की तारीख नियत की। परिवादी पक्ष के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कि मामले में विपक्षी सांसद राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ल भी अदालत में उपस्थित हुए।
इससे पहले एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट के मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने वाइस सैंपल लिए जाने की मांग संबंधी प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया था, जिसके खिलाफ सेशन कोर्ट में पुनरीक्षण याचिका दाखिल की गई है। गौरतलब है कि मामला वर्ष 2018 में बेंगलुरु में आयोजित एक जनसभा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है।
इस प्रकरण में भाजपा नेता विजय मिश्रा ने सुलतानपुर अदालत में मानहानि वाद दायर किया था। मामले में राहुल गांधी पूर्व में अदालत में पेश होकर जमानत ले चुके हैं और उनका बयान भी दर्ज किया जा चुका है। फिलहाल मामला अंतिम सुनवाई के चरण में पहुंच गया है। वही मूल पत्रावली में सुनवाई के लिए 17 जून की तारीख नियत की है।
