Baghpat News : 40 हजार रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए डीएसओ, विजिलेंस टीम ने की कार्रवाई
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी को विजिलेंस टीम ने उनके कार्यालय से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के बुढ़सैनी गांव निवासी राशन डीलर व शिकायतकर्ता नरेंद्र कुमार ने बताया कि गांव में उसकी सरकारी राशन की दुकान है। उन्होंने 4 दिन पहले विजिलेंस टीम से डीएसओ अनूप तिवारी की शिकायत की।
आरोप लगाया कि डीएसओ अनूप तिवारी राशन बांटने पर कमीशन मांग रहे हैं और लगातार 4 महीनों से दबाव बना रहे हैं। कमीशन न देने पर लाइसेंस निरस्त करने की धमकी दे रहे हैं। नरेंद्र ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी योगेंद्र कुमार को वह पहले ही 10 हजार रुपए दे चुका है। योगेंद्र सिंह के जरिए ही डीएसओ अनूप नरेंद्र से रिश्वत मांग रहे थे।
राशन डीलर की शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को यह कार्रवाई की। जिला पूर्ति अधिकारी को जैसे ही राशन डीलर ने कमीशन राशि के रूप में 40 हजार रुपये दिए, तभी जिला पूर्ति अधिकारी को टीम ने दबोच लिया और उसे गाड़ी में बिठाकर बागपत कोतवाली में ले गए।
बताया गया कि अनूप तिवारी पर पहले भी इस तरह के आरोप लग चुके हैं। गिरफ्तारी के बाद बागपत कोतवाली में विजिलेंस टीम की ओर से आरोपी डीएसओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आपूर्ति विभाग के कार्यालय से अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद विभाग में हड़कंप मचा है और पूरे मामले की गहन छानबीन जारी है।
