Barabanki News: खाद की किल्लत, ओवररेटिंग और जबरन टैगिंग पर भड़के किसान, भाकियू (क्रांति) ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार: भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर तहसील क्षेत्र में खाद की किल्लत, उर्वरकों की ओवररेटिंग और जबरन टैगिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। किसानों ने आरोप लगाया कि उर्वरकों की समय पर उपलब्धता न होने से खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। खाद के लिए किसानों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में कहा गया कि सहकारी समितियों और निजी खाद दुकानों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं है। वहीं, कई निजी दुकानदार निर्धारित सरकारी मूल्य से अधिक कीमत वसूल रहे हैं। विरोध करने पर दुकानदार महंगे दाम पर माल मिलने का हवाला देकर किसानों को टाल देते हैं। भाकियू (क्रांति) ने यह भी आरोप लगाया कि कई दुकानदार खाद की बोरी के साथ जबरन जिंक, सल्फर या कीटनाशक जैसी अन्य सामग्री खरीदने के लिए किसानों को मजबूर कर रहे हैं। अतिरिक्त सामान लेने से इनकार करने वाले किसानों को खाद देने से मना कर दिया जाता है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है।

संगठन ने मांग की कि तहसील क्षेत्र की सभी निजी खाद दुकानों और सहकारी समितियों की तत्काल जांच कराई जाए। निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करने तथा जबरन टैगिंग करने वाले दुकानदारों के लाइसेंस निलंबित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सरकारी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को समय पर उचित मूल्य पर उर्वरक मिल सके। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद वर्मा, युवा जिलाध्यक्ष सूरज यादव, तहसील अध्यक्ष गुलजार, जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र वर्मा, युवा जिलामंत्री शिवबाबू यादव सहित भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) के अनेक पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः बाराबंकी में शॉर्ट सर्किट से मोटर पार्ट्स की दुकान में भीषण आग, स्कूल के पास मची अफरा-तफरी

संबंधित समाचार