Lucknow News : पूर्व वायुसेना सार्जेंट ने रिश्तेदारों पर 4 करोड़ की धोखाधड़ी का लगाया आरोप, FIR दर्ज
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में पूर्व वायुसेना सार्जेंट ने रिश्तेदारों पर पत्नी की फर्म में 4 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी, हेराफेरी और 1.47 करोड़ रुपये का भुगतान न करने का मुकदमा दर्ज कराया।
लखनऊ, अमृत विचार: मुंबई के गोरेगांव निवासी पूर्व वायुसेना सार्जेंट ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में रिश्तेदारों व करीबियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि रिश्तेदारों ने उनके पत्नी के नाम की फर्म टीवीएफ एग्रो प्रोडक्ट्स में बतौर साझीदार बनकर काम शुरू किया। इसके बाद हड़प लिया। फर्म में करोड़ों रुपये की हेराफेरी की। करोड़ों का कच्चा माल अपने करीबियों व परिजन के नाम से संचलित फर्म में बेची। जिसका भुगतान हीं किया। विरोध करने पर जाने से मारने की धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित बिनोद सिंह के मुताबिक वह वर्ष 1983 से 2001 तक भारतीय वायुसेना में सार्जेंट रहे। सेवानिवृत्ति के बाद मुंबई में निजी कंपनी में कार्यरत रहे। उनकी पत्नी के नाम से वर्ष 2019 में टीवीएफ एग्रो प्रोडक्ट्स नाम से फर्म स्थापित की गई। दूर के रिश्तेदार प्रेम नारायण सिंह ने पशु आहार के कारोबार में साझेदारी और लाभ का झांसा देकर पूरे व्यवसाय का संचालन अपने सहयोगियों आनंद सिंह, तेज प्रताप सिंह, दीप नारायण सिंह, मुकेश शर्मा समेत अन्य लोगों के हाथ में ले लिया।
आरोपियों ने फर्जी कंपनियां बनाकर उन्हीं के माध्यम से कच्चे माल की खरीद-बिक्री दिखाई। तैयार माल का भुगतान जानबूझकर नहीं कराया। इससे कंपनी पर करीब चार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। जांच में पता चला कि जिन कंपनियों को माल बेचा गया। जिनसे खरीद दिखाई गई, उनका संचालन भी आरोपियों और उनके परिजन कर रहे थे।
समझौते के बाद नहीं दिया रुपये
बिनोद के मुताबिक नवंबर 2022 में कारोबार ट्रांसफर एग्रीमेंट के तहत टीवीएफ एग्रो प्रोडक्ट्स का व्यवसाय बस्ती एग्रो को हस्तांतरित किया गया। समझौते में लगभग 1.47 करोड़ रुपये भुगतान करने और पूर्व की सभी देनदारियां उठाने की शर्त थी। पर, आज तक न तो समझौते की राशि दी गई और न ही लेनदारों का भुगतान किया गया। इसके कारण उन्हें और उनकी पत्नी को विभिन्न स्थानों पर पुलिस व न्यायालयी कार्यवाहियों का सामना करना पड़ रहा है।
आरोपियों ने कंपनी के कार्यालय से महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर रिकार्ड व लेनदेन का साक्ष्य भी गायब कर दिया। सितंबर 2025 में प्रेम नारायण सिंह उनके घर पहुंचे। रुपये न देने और जांच करने पर जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी राजीव रंजन उपाध्याय के मुताबिक तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
