राम मंदिर कथित चढ़ावा गबन मामला : ट्रस्ट की बैठक से पहले सियासत तेज, भाजपा ने जांच पर जताया भरोसा, प्रियंका बोलीं- ट्रस्ट भंग हो

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

राम मंदिर के कथित चढ़ावा गबन मामले में ट्रस्ट की अहम बैठक से पहले सियासत गरमा गई है। भाजपा नेता मनन कुमार मिश्रा ने जांच पर भरोसा जताया, जबकि शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्रस्ट भंग कर सभी सदस्यों पर कार्रवाई की मांग की।

अमृत विचार डेस्क लखनऊ। अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा गबन मामले को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की प्रस्तावित बैठक से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता मनन कुमार मिश्रा ने जहां बैठक को बेहद महत्वपूर्ण बताया, वहीं शिवसेना (UBT) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्रस्ट को भंग करने और सभी सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

भाजपा नेता मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि अब तक की जांच में कथित अनियमितताओं के सामने आने के बाद एसआईटी का गठन हुआ, जांच की गई, एफआईआर दर्ज हुई और आठ लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस पूरी पृष्ठभूमि में ट्रस्ट की आगामी बैठक बेहद अहम होगी। उनके मुताबिक, बैठक में इस्तीफों के बाद आगे की कार्रवाई, अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता और जांच से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार किया जा सकता है।

प्रियंका चतुर्वेदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मिश्रा ने कहा कि विपक्षी दल जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर मामले की जांच एसआईटी और पुलिस निष्पक्ष तरीके से कर रही है और जनता को जांच प्रक्रिया पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब राम मंदिर के अलावा कोई मुद्दा नहीं बचा है।

प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्रस्ट भंग करने की उठाई मांग

शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कथित गबन को लोगों की आस्था के साथ बड़ा विश्वासघात बताया। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर आरोपों के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग किया जाना चाहिए, तभी मामले में निष्पक्ष न्याय संभव होगा। उन्होंने ट्रस्ट के सभी सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया कि हिरासत में लिए गए लोग केवल छोटे स्तर के कर्मचारी हैं, जबकि इस पूरे मामले में बड़े नामों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एसआईटी बड़े लोगों तक पहुंचने से बच रही है।

संबंधित समाचार