राम मंदिर चढ़ावा विवाद : साध्वी निरंजन ज्योति बोलीं- करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं से हुआ विश्वासघात, SIT जांच पर जताया भरोसा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

चंपत राय और अनिल मिश्रा पर टिप्पणी से किया इनकार

महोबा में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं से विश्वासघात हुआ है। उन्होंने एसआईटी जांच पर भरोसा जताया।

महोबा। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े विवाद को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस घटना से देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहा है, इसलिए जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

शनिवार को महोबा जिले के कबरई कस्बे में एक चैरिटेबल ट्रस्ट के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि कुछ लोगों ने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं राम मंदिर आंदोलन का हिस्सा रही हैं और इस पूरे मामले को लेकर बेहद संवेदनशील हैं।

योगी सरकार की कार्रवाई पर जताया भरोसा

साध्वी निरंजन ज्योति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए कहा कि मामला सामने आते ही उन्होंने तत्काल एसआईटी जांच के निर्देश दिए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कराई। उन्होंने कहा कि इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और उन्हें जेल भी भेजा गया है। जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी और "दूध का दूध, पानी का पानी" हो जाएगा।

'राम मंदिर को बदनाम करने की साजिश'

उन्होंने कहा कि कुछ लोग राम मंदिर की भव्यता और दिव्यता पर सवाल उठा रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। उनके मुताबिक, लगभग 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद राम मंदिर का निर्माण हुआ है और यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावे से जुड़े विवाद के जरिए मंदिर को बदनाम करने की साजिश रची गई है और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।

चंपत राय और अनिल मिश्रा पर टिप्पणी से किया इनकार

मामले में विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री चंपत राय और अनिल मिश्रा के संबंध में पूछे गए सवाल पर साध्वी निरंजन ज्योति ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक एसआईटी की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

संबंधित समाचार