Barabanki News : 115 रुपये के बंटवारे को लेकर खूनी संघर्ष, दो महिलाओं समेत चार घायल
लाठी-डंडों से हमला, एक युवक का फटा सिर; पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
बाराबंकी के सफदरगंज क्षेत्र में जामुन बेचकर मिले 115 रुपये के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में चार लोग घायल हुए।
सफदरगंज, बाराबंकी, अमृत विचार। जामुन बिक्री से मिले 115 रुपये के बंटवारे का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए, इनमें एक व्यक्ति का सिर फट गया। सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने तहरीर मिलने से इंकार किया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम कंधईपुरवा निवासी शहजादे आलम पुत्र शराफत अली, मुन्ना पुत्र खैराती, सानू पुत्र कल्लू शुक्रवार शाम जामुन तोड़कर बाजार में बेचने गए थे। देर रात सभी लोग वापस लौटे तो बिक्री से मिले 115 रुपये के बंटवारे को लेकर आपस में कहासुनी मारपीट में बदल गई।
देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया मुन्ना एव सानू के साथ छोटे मुन्ना एव इकलाख ने शराफत अली, शहजादे आलम, साइमा पत्नी तुफैल तथा शबाना पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिससे शहजादे आलम सिर फटने से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। साइमा गंभीर रूप से घायल हुईं, वहीं सबाना और जावेद को भी चोटें आई हैं।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं सूचना मिलते ही सफदरगंज पुलिस भी मौके पर गई लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही एक पक्ष फरार हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हल्का प्रभारी रिषभ सिंह चंदेल ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
