Shravasti News : पूरी रात अंधेरे में डूबा जमुनहा, 33 केवी लाइन का तार टूटा तो थम गई बिजली; ग्रामीण बोले- कब बनेगा अपना उपकेंद्र?
श्रावस्ती के जमुनहा क्षेत्र में 33 केवी लाइन के पोल और तार में खराबी के चलते रविवार पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीणों ने बार-बार होने वाले फाल्ट से निजात के लिए 132 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की मांग की है।
जमुनहा (श्रावस्ती),अमृत विचार: बहराइच से मिलने वाली विद्युत उपकेंद्र उल्लहवा व जमुनहा उपकेंद्रों की आपूर्ति रविवार पूरी रात बाधित रही। 33 केवीए विद्युत पोल व तार में खराबी के कारण उपभोक्ता पूरी रात परेशान रहे। जमुनहा बाजार सहित आसपास के क्षेत्र की बिजली रविवार पूरी रात बाधित रही।
बहराइच के भरोसे बिजली आपूर्ति
पहले तुलसीपुर में 33 केवीए का एक पोल क्षतिग्रस्त हो गया। इसकी मरम्मत के बाद जैसे आपूर्ति बहाल हुई तभी 33 केवीए लाइन का तार टूटकर गिर गया, जिससे पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। विदित हो कि इन क्षेत्रो को आज भी बहराइच के भरोसे ही आपूर्ति दी जा रही है।
ग्रामीणों ने की 132 केवी उपकेंद्र की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन 33 केवीए व 11 केवीए की लाइनों में फाल्ट आने से बिजली व्यवस्था प्रभावित होती रहती है। इसके चलते जमुनहा सहित पूरे क्षेत्र में रातभर अंधेरा छाया रहा। इससे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों से लाइन की मरम्मत कर निर्बाध बिजली आपूर्ति दिलाने व जमुनहा क्षेत्र में 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र स्थापित कराने की भी मांग की है, जिससे क्षेत्र में बिजली की समस्या का स्थाई समाधान हो सके।
यह भी पढ़ें:-Shravasti News: विधवा की जमीन पर कब्जा! न्याय के लिए अनिश्चितकालीन धरने पर बैठी पीड़िता
