बाराबंकी में बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक पर लाखों के गबन का आरोप, डीएम से लिखित शिकायत

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। इंडियन बैंक की नाका सतरिख शाखा के पूर्व शाखा प्रबंधक पर एकमुश्त समझौता योजना के तहत जमा कराई गई धनराशि में गबन और धोखाधड़ी का आरोप लगा है। कई किसानों ने डीएम से लिखित शिकायत कर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। 

बैंक मैनेजर ने हड़पे किसानों के लाखो रुपये

जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम इन्धौलिया सराय का स्थान निवासी राम मनोज ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपने कृषि ऋण के ओटीएस के लिए 23 सितंबर 2025 को तत्कालीन शाखा प्रबंधक को पांच लाख रुपये दिए जबकि बैंक खाते में केवल दो लाख रुपये ही जमा किए गए, जबकि शेष तीन लाख रुपये निजी कर्मचारी के माध्यम से लेकर जमा नहीं किए गए। 

खाता बंद हुआ न मिला हिसाब

उनका कहना है कि आज तक उनका ऋण खाता बंद नहीं किया गया और धनराशि का कोई स्पष्ट हिसाब भी नहीं मिला। इसी तरह सफदरगंज क्षेत्र के चिलौकी निवासी राजेन्द्र प्रसाद यादव ने आरोप लगाया कि केसीसी ऋण खाते के ओटीएस के लिए 5 मार्च 2025 को उन्होंने 1.60 लाख रुपये नकद जमा किए थे। उनके अनुसार उन्हें 18 मार्च 2025 को नो ड्यूज प्रमाण पत्र दे दिया गया, लेकिन बाद में पता चला कि ऋण खाता बंद ही नहीं हुआ।

 पूर्व मैनेजर पर ऋण राशि हड़पने का आरोप

आरोप लगाया कि खाते को बंद कराने के लिए उनसे अतिरिक्त धनराशि भी ली गई और बाद में जानकारी मिली कि उनके खाते में केवल 60 हजार रुपये ही जमा किए गए, जबकि शेष 1.05 लाख रुपये जमा नहीं किए गए। इसी तरह कई अन्य किसानों ने भी लिखित शिकायत की है। शिकायतकर्ताओं को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

ये भी पढ़ें  : 
बाराबंकी में अवैध पेड़ कटान पर बड़ी कार्रवाई; ठेकेदार पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

संबंधित समाचार