Gonda News : सीएम की विवादित तस्वीर पोस्ट करने के मामले में पूर्व सपा विधायक पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
गोंडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की AI जनरेटेड विवादित तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में पूर्व सपा विधायक बैजनाथ दुबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज। पुलिस ने जांच शुरू की।
गोंडा, अमृत विचार: सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक विवादित तस्वीर पोस्ट करने के मामले में पूर्व सपा विधायक बैजनाथ दुबे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भाजपा नेता नीरज मौर्य की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक शुभांशु पाठक को सौंपी है, जिन्होंने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पूर्व सपा विधायक बैजनाथ दुबे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा जनरेट की गई एक तस्वीर पोस्ट की थी। इस तस्वीर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या राम मंदिर की दान पेटी लेकर भागते हुए और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को उन्हें पीछे से खींचते हुए दिखाया गया था।
भाजपा नेता नीरज मौर्य का कहना है कि यह चित्र और संदेश पूरी तरह से भ्रामक, असत्य और दुर्भावनापूर्ण है। ऐसी अमर्यादित पोस्ट से न केवल मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा और मानहानि हुई है, बल्कि देश-विदेश के करोड़ों राम भक्तों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह का झूठा और भड़काऊ दुष्प्रचार समाज में आक्रोश तथा अशांति फैला सकता है, जिससे सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की पूरी आशंका है।
भाजपा नेता ने की दंडात्मक कार्रवाई की मांग
भाजपा नेता ने पुलिस से ऐसे भ्रामक पोस्ट करने वाले सपा नेता के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। पूर्व सपा विधायक ने हालांकि बाद में अपने सोशल मीडिया अकाउंट से इस विवादित पोस्ट को डिलीट कर दिया था। लेकिन तब तक मामला तूल पकड़ चुका था। पुलिस ने पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे के खिलाफ मामला पंजीकृत किया । नगर कोतवाल ने बताया जांच की जा रही है।
