Raebareli News: 'मिशन सेव' अभियान शुरू, स्लीपर बस समेत 9 वाहनों का चालान; 7 जुलाई के बाद होगी सीज की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रायबरेली, अमृत विचार। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुरू किए गए 'मिशन सेव' अभियान के तहत परिवहन विभाग ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियान के पहले ही दिन एआरटीओ ने एक स्लीपर बस समेत नौ वाहनों का चालान किया, जिससे वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।

अभियान के तहत पीटीओ विक्रांत सिंह ने सलोन क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना फिटनेस, बिना परमिट, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संचालित हो रहे स्कूली एवं व्यावसायिक वाहनों की जांच की गई। मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर कई वाहनों का मौके पर ही चालान किया गया।

7 जुलाई तक दस्तावेज पूरे करने के निर्देश

एआरटीओ ने सभी वाहन स्वामियों, स्कूल प्रबंधन और व्यावसायिक वाहन संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे 7 जुलाई तक अपने वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस समेत सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट करा लें। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा के बाद यदि कोई वाहन बिना वैध दस्तावेजों के सड़क पर संचालित मिलता है, तो उसे तत्काल सीज कर संबंधित वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधूरे दस्तावेज वाले वाहन थाने और चौकी में खड़े कराए गए

एआरटीओ उमेश कटियार ने बताया कि अभियान के दौरान एक स्लीपर बस, चार बड़े व्यावसायिक वाहन और चार स्कूली वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे पाए गए, उन्हें चौकी और थाने में खड़ा कराया गया है। उन्होंने कहा कि 'मिशन सेव' अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर अधूरे दस्तावेज वाले वाहन स्वामियों को नोटिस भी जारी किए जाएंगे।

संबंधित समाचार