मंत्री ओपी राजभर का निर्देश : बरसात से पहले हैंडपंप मरम्मत अनिवार्य, ग्रामीण पेयजल सुनिश्चित करें

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार : पंचायतीराज, अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात शुरू होने से पहले सभी खराब हैंडपंपों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए।

रविवार को सचिवालय में आयोजित पंचायतीराज विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने अमृत सरोवर, जल जीवन मिशन, तालाबों के जीर्णोद्धार, ओवरहेड पेयजल टंकियों, पाइपलाइन विस्तार, ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालयों सहित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को अमृत सरोवरों में जलभराव की स्थिति तथा पंचायतों को उनके हस्तांतरण की अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने पर भी जोर दिया।

शौचालय और स्वच्छता संबंधी निर्देश

बैठक में सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई, सफाई कर्मियों को समय पर मानदेय का भुगतान तथा लंबित शौचालय आवेदनों के पारदर्शी निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी, आधार सेवा केंद्र, परिवार रजिस्टर के डिजिटलीकरण, हैंडपंपों की जियो-टैगिंग, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

 

संबंधित समाचार