Barabanki News : झोलाछाप के इंजेक्शन के बाद मासूम की मौत, तीन बच्चों की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हैदरगढ़ में क्लीनिक सील, आरोपी हिरासत में; परिजनों के विरोध के बाद एफआईआर दर्ज, जांच शुरू

हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। कस्बा हैदरगढ़ में एक झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने के बाद डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। बड़ी संख्या में लोगों आक्रोश के बीच एसडीएम सीओ मौके पर पहुंचे। आरोपी पुलिस की हिरासत में है, वहीं क्लीनिक सील कर एफआईआर दर्ज की गई।  

जानकारी के अनुसार कस्बे के लोहिया वार्ड निवासी कल्लू के चार बच्चे हसनैन, मारिया (डेढ़ वर्ष), साजिद (4 वर्ष) और तमन्ना (8 वर्ष) पिछले एक सप्ताह से शरीर पर दाने निकलने की समस्या से पीड़ित थे। शनिवार सुबह उनकी पत्नी कमर जहां बच्चों को लेकर ठाकुरद्वारा वार्ड स्थित एक निजी क्लीनिक पर पहुंचीं, जहां झोलाछाप चिकित्सक बृजमोहन गुप्ता ने चारों बच्चों को इंजेक्शन लगाने के बाद घर भेज दिया।

परिजनों के मुताबिक घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद मारिया की तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। आनन-फानन में उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। इसी दौरान घर पहुंचे पिता कल्लू ने हसनैन को अचेत अवस्था में पाया। उसे अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं साजिद और तमन्ना की हालत भी बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे।

खबर फैलते ही सपा नेता पप्पू सिद्दीकी, सभासद मोहम्मद इशहाक, उमर हाशमी, मोहम्मद जहीर, शब्बीर राइन पहाड़ी समेत बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति देखते हुए एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा और क्षेत्राधिकारी समीर कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया। एसडीएम राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर उस पर एफआईआर दर्ज की गई है। क्लीनिक सील करने के साथ जांच टीम गठित कर दी गई है।

संबंधित समाचार