Bareilly News : फिल्म के बाद मॉल में 'हॉरर सीन' लिफ्ट में फंसे 13 लोग, गेट तोड़कर बाहर निकाला 

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली के मॉल में मूवी देखकर निकले दर्शकों को एक हॉरर सीन का सामना करना पड़ गया। बत्ती गुल होने से लिफ्ट बीच में अटक गई। लिफ्ट खचाखच भरी थी। लगभग 13 लोग सवार थे। घबराहट के बीच एक किशोरी बेहोश होकर गिर पड़ी। करीब 35 मिनट तक अफरातफरी का आलम बना रहा। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का गेट तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया। 

घटनाक्रम रविवार रात करीब 10 बजे के आसपास का है। सिटी सेंटर एलए मॉल का खुशनुमा नजारा था। दूसरे तल पर मूवी हॉल है। घूमने और मूवी देखने पहुंचे कुछ लोग लिफ्ट के सहारे नीचे उतर रहे थे। इस बीच अचानक बिजली चली गई और लिफ्ट पहले-दूसरे माले के बीच में अटक गई। 

कुछ देर बिजली इंतजार के बाद अंदर घबराहट बढ़ने लगी। लेकिन जैसे-जैसे समय बढ़ा तो अंदर बेचैनी भी होने लगी। गर्मी-घबराहट के बीच बिहारीपुर की 17 वर्षीय शालिनी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। किशोरी की हालत देखकर लोग घबरा गए और चीखने की आवाजें आने लगीं। अंदर के दृश्य ने बाहर अफरातफरी का आलम पैदा कर दिया। 

अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए लिफ्ट का गेट खोलने के तमाम जतन किए। लेकिन कोई फायदा नहीं मिला। आखिर में लिफ्ट का गेट तोड़ना पड़ा। 

मॉल की इस हलचल की सूचना मिलते ही चौकी चौराहा की पुलिस भी पहुंच गई। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम के मुताबिक सभी लोगों को लिफ्ट से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मॉल प्रबंधन से पूछताछ की गई। बिजली जाने पर जनरेटर चलाया जा रहा था। इस बीच किसी ने लिफ्ट में जोर से लात मार दी और सेंसर काम करना छोड़ गया। 

वहीं, एसपी सिटी ने कहा कि लिफ्ट में फंसे लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। संबंधित लोगों की ओर से शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार